जन्मदिन मनाने ले गए, मौत के घाट उतार दिया, गौरव हत्याकांड के आरोपी 13 दिन बाद भी फरार
punjabkesari.in Sunday, Apr 12, 2026 - 03:06 PM (IST)
कुरुक्षेत्र (कपिल शर्मा): कुरुक्षेत्र जिले में 17 वर्षीय किशोर गौरव की चलती ट्रेन से धक्का देकर हत्या करने के मामले में 13 दिन बाद भी आरोपी पुलिस की पकड़ से दूर हैं। मामले को लेकर मृतक के परिजनों ने राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) पर आरोप लगाया है कि शिकायत के बावजूद आरोपियों के खिलाफ ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही।
जानकारी के अनुसार पलवल गांव निवासी गौरव को उसके दोस्तों ने चलती ट्रेन से धक्का दे दिया था। नीचे गिरते ही वह ट्रेन की चपेट में आ गया और शरीर के दो हिस्से हो जाने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना 30 मार्च को शाहाबाद रेलवे स्टेशन के पास हुई थी। पहले इस मामले में GRP ने इत्तफाकिया रिपोर्ट दर्ज की थी, लेकिन बाद में परिजनों द्वारा सबूत पेश करने पर हत्या का केस दर्ज किया गया।
पिता बोले– पुलिस नहीं कर रही सुनवाई
मृतक के पिता मोहन बहादुर का कहना है कि घटना को करीब दो सप्ताह बीत चुके हैं, लेकिन अभी तक किसी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस अधिकारियों को फोन करने पर या तो कॉल नहीं उठाई जाती या फिर जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन देकर फोन काट दिया जाता है।
पंचायत के साथ जाएंगे अधिकारियों से मिलने
मोहन बहादुर ने बताया कि वह गांव की पंचायत के साथ GRP अधिकारियों से मिलने जाएंगे। उन्होंने बताया कि आरोपी गौरव को उसके जन्मदिन से एक दिन पहले अपने साथ ले गए थे। 24 मार्च को गौरव का जन्मदिन था और आरोपी उसे जन्मदिन मनाने के बहाने हरिद्वार लेकर गए थे। वहां घूमने के बाद 30 मार्च को वे अंबाला लौट आए थे।
परिजनों के अनुसार 30 मार्च की दोपहर करीब 3 बजे गौरव ने अपनी मां को फोन कर मामा को बाइक लेकर कुरुक्षेत्र रेलवे स्टेशन आने के लिए कहा था, ताकि वह उसे घर ले जा सके। जब उसका मामा स्टेशन पहुंचा और गौरव के दोस्त को फोन किया तो उसे बताया गया कि गौरव को चलती ट्रेन से धक्का दे दिया गया है।
परिवार का आरोप है कि धक्का देने से पहले गौरव के साथ उसके दोस्तों ने मारपीट भी की थी। घटना के बाद से आरोपी फरार चल रहे हैं। वहीं GRP कुरुक्षेत्र थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीम लगातार प्रयास कर रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)