Geetu Ram Suicide: परिवार का डेडबॉडी लेने से इनकार, सुसाइड नोट में IAS समेत 12 अधिकारियों के नाम...नोट में पत्नी से कही ये बात

punjabkesari.in Tuesday, Sep 01, 2026 - 08:31 AM (IST)

करनाल:  हरियाणा के उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम के निलंबित सुपरिंटेंडिंग इंजीनियर  गीतू राम तंवर की उनकी सेवानिवृत्ति के दिन ही करनाल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उनका शव कार के भीतर से बरामद हुआ, जिसके पास से 4 पन्नों का सुसाइड नोट भी मिला है। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने शव को लेने और अंतिम संस्कार करने से साफ इनकार कर दिया है। मृतक के भाई और बेटियों की मांग है कि सुसाइड नोट में नामजद 12 अधिकारियों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए। 

 सुबह घर से निकले, बेटी को फोन पर कहा- 'आखिरी चिट्ठी देकर आता हूं'
परिजनों के अनुसार, सोमवार सुबह गीतू राम तंवर घर से कार लेकर निकले थे. कुछ समय बाद उन्होंने अपनी बेटी को फोन किया और भावुक होकर कहा, "मैं अपनी आखिरी चिट्ठी देकर आता हूं।" इसके तुरंत बाद उनका मोबाइल फोन बंद हो गया। चिंताजनक हालात में परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, तो डीएवी स्कूल के पास खड़ी कार में उनका शव मिला. मुंह से झाग निकल रहा था, जिससे जहर खाकर आत्महत्या करने की आशंका जताई गई है।

 सुसाइड नोट में IAS और विभागीय अफसरों के नाम, जातिगत प्रताड़ना का आरोप
पुलिस को कार से बरामद 4 पन्नों के सुसाइड नोट में एक IAS अधिकारी सहित कई XEN, SDO और अन्य सहकर्मियों के नाम दर्ज हैं. सुसाइड नोट में आरोप लगाया गया है कि विभागीय स्तर पर उन्हें लंबे समय से मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा था और उनके साथ जातिगत भेदभाव किया जाता था।  उल्लेखनीय है कि 5 महीने पहले एक एडिटेड वायरल वीडियो के विवाद में बिजली निगम ने उन्हें सस्पेंड कर दिया था। मृतक ने अपने नोट में लिखा कि उन्हें साजिश के तहत फंसाया गया और बिना निष्पक्ष जांच के बलि का बकरा बनाया गया।

 पत्नी के नाम मार्मिक संदेश 'संविधान के दायरे में रहकर लड़ना कानूनी लड़ाई'
सुसाइड नोट के आखिरी पन्ने पर उन्होंने अपनी पत्नी के नाम एक भावुक संदेश भी छोड़ा:"माय डीयर वाइफ, आप हिम्मत से काम लेना और संविधान के दायरे में रहकर कानूनी कार्रवाई करना। हमारे समाज में तो अभी यह पूछने की भी हिम्मत नहीं है कि जिन्होंने गलत वीडियो बनाकर वायरल की, उन पर क्या कार्रवाई हुई।"  फिलहाल करनाल पुलिस ने सुसाइड नोट को कब्जे में लेकर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है और परिजनों को शांत कराने व मामले की निष्पक्ष जांच का आश्वासन दे रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static