हरियाणा में रिश्वत लेते पकड़ा गया गिरदावर, सनद तकसीम करवाने के लिए मांगी थी 25 हजार की रिश्वत
punjabkesari.in Wednesday, Sep 09, 2026 - 10:55 AM (IST)
सोनीपत : जमीन की सनद तकसीम की कार्रवाई करवाने के बदले 25 हजार रूपए रिश्वत लेता गिरदावर राजेश मलिक एंटी करप्शन ब्यूरो (ए.सी.बी.) की सोनीपत टीम ने मंगलवार शाम पुरानी तहसील में गिरफ्तार कर लिया। मामला जमीन की सनद तकसीम से जुड़ा है।
शिकायतकर्ता अनुसार जमीन की तकसीम होने के बाद सनद तकसीम की कार्रवाई करीब डेढ़ साल से लंबित थी। इस दौरान कई गिरदावर बदले लेकिन जमीन पर कब्जा दिलाने की कार्रवाई आगे नहीं बढ़ी। इसके बाद शिकायतकर्ता ने गन्नौर तहसील से तबादला होकर आए हलका गिरदावर राजेश से संपर्क किया। राजेश के पास सोनीपत और राई का अतिरिक्त कार्यभार भी था।
आरोप है कि सनद तकसीम की कार्रवाई करवाने के बदले गिरदावर ने शिकायतकर्ता से 25 हजार रुपए की रिश्वत मांगी। शिकायत मिलने पर ए.सी. बी. ने कार्रवाई की योजना बनाई। मंगलवार शाम करीब 5 बजे शिकायतकर्ता को रुपए लेकर पुरानी तहसील पहुंचने के लिए कहा गया। शिकायतकर्ता ने जैसे ही राजेश को 25 हजार रुपए दिए ए.सी.बी. ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया व रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली। ए.सी.बी. ने आरोपी गिरदावर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।