Haryana: गोहाना में नर्सिंग कर रही युवती की हत्या, पिता पर लगे आरोप...प्रेम प्रसंग की जताई जा रही आशंका
punjabkesari.in Sunday, Apr 12, 2026 - 03:20 PM (IST)
गोहाना (सुनील जिंदल) : गोहाना शहर की देवीनगर कॉलोनी में एक 23 वर्षीय युवती की तेजधार हथियार से हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
मृतका युवती अविवाहित है, उसके पिता अनिल ने उसके गला रेत कर हत्या की है। मृतका नर्सिंग की पढ़ाई कर रही थी। युवती की हत्या का आरोप उसके पिता पर लगाया जा रहा है। पुलिस ने आरोपी पिता को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।
बताया जा रहा है कि हत्या के पीछे घरेलू कलह या प्रेम प्रसंग को लेकर शक की बात सामने आ रही है, हालांकि वास्तविक कारणों का खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा। घटना की गंभीरता को देखते हुए जितेंद्र गहलावत (डीसीपी, गोहाना) भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि पुलिस को एक युवती की हत्या की सूचना मिली थी, जिसके बाद तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया गया है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
वहीं वार्ड-3 के पार्षद नरेंद्र कुमार ने बताया कि युवती की उम्र करीब 23 वर्ष थी और हत्या के आरोप उसके पिता पर हैं। फिलहाल पुलिस जांच कर रही है और जांच पूरी होने के बाद ही हत्या के सही कारणों का पता चल पाएगा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)