गोहाना के खंदराई गांव में दो भाइयों पर जानलेवा हमला, एक की हत्या के मामले में मुख्य आरोपी गिरफ्तार
punjabkesari.in Tuesday, Jun 30, 2026 - 03:59 PM (IST)
गोहाना (सुनील जिंदल) : गोहाना के गांव खंदराई में दो भाइयों पर जानलेवा हमला कर एक की हत्या करने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मुख्य आरोपी विनोद को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस अब वारदात में शामिल अन्य आरोपियों और घटना में इस्तेमाल हथियारों की बरामदगी में जुटी है।
गौरतलब है कि गांव खंदराई में मंदिर के पास दो भाइयों पर उनके चचेरे भाई ने अपने साथियों के साथ मिलकर बर्फ तोड़ने वाले सुए और धारदार हथियारों से हमला कर दिया था। हमले में एक भाई की मौत हो गई थी, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया था। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने हत्या सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी विनोद को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि रिमांड के दौरान आरोपी से गहन पूछताछ की जाएगी। वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी और घटना में इस्तेमाल हथियारों की बरामदगी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। साथ ही हत्या के पीछे के पूरे घटनाक्रम की भी जांच की जा रही है फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। उम्मीद है कि रिमांड के दौरान इस सनसनीखेज हत्याकांड से जुड़े कई अहम खुलासे हो सकते हैं। अभी तक की जांच में यही सामने आया है कि दो-तीन दिन पहले दोनों पक्षों में किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था इसी झगड़े की रंजिश के चलते हुए आरोपी ने दोनों भाइयों पर अपने साथियों के साथ मिलकर हमला किया है।