युवाओं के लिए खुशखबरी: हरियाणा में HSSC ने 1238 पदों पर निकाली भर्ती, यहां देखें पूरा शेड्यूल...

punjabkesari.in Monday, Jun 22, 2026 - 09:10 PM (IST)

चंडीगढ़ (चन्द्र शेखर धरणी): हरियाणा में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (एचएसएससी) ने जेल विभाग में सहायक जेल अधीक्षक और वार्डर के कुल 1238 रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की घोषणा की है। आयोग ने भर्ती का विस्तृत कार्यक्रम जारी करते हुए पात्र अभ्यर्थियों से निर्धारित अवधि के दौरान ऑनलाइन आवेदन करने का आह्वान किया है।

जेल विभाग में भरे जाएंगे सहायक जेल अधीक्षक और वार्डर के पद
आयोग द्वारा जारी भर्ती विज्ञापन के अनुसार सहायक जेल अधीक्षक के 33 पद और वार्डर के 1205 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। सहायक जेल अधीक्षक के पदों में 30 पद पुरुष अभ्यर्थियों तथा तीन पद महिला अभ्यर्थियों के लिए निर्धारित किए गए हैं। वहीं वार्डर के पदों में 1093 पद पुरुषों और 112 पद महिलाओं के लिए आरक्षित हैं।

24 जून से 30 जून तक कर सकेंगे ऑनलाइन आवेदन
भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 24 जून से प्रारंभ होगी और 30 जून की रात 11:59 बजे तक आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। आयोग ने अभ्यर्थियों को आवेदन भरते समय सभी जानकारी सावधानीपूर्वक दर्ज करने की सलाह दी है। आवेदन जमा होने के बाद एक और दो जुलाई को अभ्यर्थियों को आवेदन पत्र में त्रुटि सुधारने का अवसर भी दिया जाएगा।

आवेदन शुल्क नहीं, युवाओं को मिलेगी राहत
इस भर्ती प्रक्रिया की विशेष बात यह है कि उम्मीदवारों से किसी प्रकार का आवेदन शुल्क नहीं लिया जाएगा। इससे बड़ी संख्या में युवाओं को बिना आर्थिक बोझ के भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने का अवसर मिलेगा।

आयोग अध्यक्ष ने जारी किया भर्ती कार्यक्रम
एचएसएससी के अध्यक्ष हिम्मत सिंह ने सोशल मीडिया के माध्यम से भर्ती कार्यक्रम साझा करते हुए युवाओं से सभी दिशा-निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़कर आवेदन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि आवेदन में किसी प्रकार की गलती भविष्य में परेशानी का कारण बन सकती है।

ग्रुप-डी सीईटी के लिए भी बढ़ा उत्साह
इस बीच चतुर्थ श्रेणी (ग्रुप-डी) पदों के लिए आयोजित होने वाली सामान्य पात्रता परीक्षा (सीईटी) के आवेदन भी तेजी से प्राप्त हो रहे हैं। आयोग ने इसके लिए आवेदन पोर्टल खोल दिया है, जहां तीन जुलाई की रात 11:59 बजे तक आवेदन किए जा सकते हैं। शुल्क जमा कराने की अंतिम तिथि छह जुलाई निर्धारित की गई है।

दो लाख से अधिक युवाओं ने किया पंजीकरण
ग्रुप-डी सीईटी के लिए अब तक दो लाख से अधिक अभ्यर्थी आवेदन कर चुके हैं। इनमें से 75 हजार से ज्यादा उम्मीदवारों ने अपने आवेदन अंतिम रूप से जमा भी कर दिए हैं। आवेदन पत्र में संशोधन के लिए सात से नौ जुलाई तक करेक्शन विंडो उपलब्ध रहेगी।

रोजगार के अवसरों से बढ़ी युवाओं की उम्मीदें
जेल विभाग की नई भर्ती और ग्रुप-डी सीईटी के लिए मिल रही भारी प्रतिक्रिया से स्पष्ट है कि प्रदेश के युवाओं में सरकारी नौकरियों को लेकर उत्साह बना हुआ है। भर्ती प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही हजारों अभ्यर्थियों ने तैयारी तेज कर दी है और आने वाले दिनों में आवेदन संख्या में और वृद्धि होने की संभावना है।  

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Krishan Rana

Related News

static