Good News : हरियाणा के इन 4 जिलों में खुलेंगे नए पॉलिटेक्निक कॉलेज...छात्रों को पढ़ाए जाएंगे हाईटेक कोर्स

punjabkesari.in Monday, May 25, 2026 - 04:18 PM (IST)

चंडीगढ़ : हरियाणा सरकार ने प्रदेश में तकनीकी शिक्षा के विस्तार की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए 4 नए राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज स्थापित करने की प्रक्रिया तेज कर दी है। शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा के विधानसभा क्षेत्र पानीपत सहित पटौदी, नारायणगढ़ और कनीना में नए संस्थान खोले जाएंगे। सरकार ने सभी प्रस्तावित स्थानों पर जमीन चिन्हित कर ली है तथा भवनों के नक्शे तैयार करने के लिए फाइलें चीफ आर्किटेक्ट, हरियाणा को भेज दी गई हैं।

बता दें कि इन संस्थानों की स्थापना वित्त वर्ष 2026-27 के बजट के अंतर्गत की जाएगी। सरकार का उद्देश्य युवाओं को आधुनिक तकनीकी शिक्षा और रोजगारोन्मुख कौशल उपलब्ध कराना है, ताकि वे उद्योगों और निजी क्षेत्र की जरूरतों के अनुरूप तैयार हो सकें।

प्रदेश में वर्तमान में 38 राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज संचालित हैं, जहां सिविल, मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल, कंप्यूटर समेत विभिन्न तकनीकी पाठ्यक्रमों में डिप्लोमा शिक्षा दी जा रही है। सरकार का उद्देश्य युवाओं को रोजगारोन्मुख तकनीकी कौशल प्रदान कर उद्योगों और निजी क्षेत्र में रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।

इन स्थानों पर खुलेंगे नए पॉलिटेक्निक कॉलेज

पानीपत: कविगांव में बनेगा नया पॉलिटेक्निक कॉलेज
पानीपत के कविगांव में पॉलिटेक्निक कॉलेज के लिए ग्राम पंचायत द्वारा लगभग 15 एकड़ जमीन उपलब्ध करवाई जा चुकी है। अब तकनीकी शिक्षा विभाग जमीन के दस्तावेजों की जांच करेगा। इसके बाद भूमि हस्तांतरण, भवन डिजाइन और निर्माण कार्य की प्रशासनिक मंजूरी की प्रक्रिया शुरू होगी।

पटौदी: माउ और लोकरी गांव में संस्थान
पटौदी क्षेत्र के माउ और लोकरी गांव में पंचायत द्वारा करीब नौ एकड़ भूमि उपलब्ध करवाई गई है। विभागीय टीम जल्द ही स्थल निरीक्षण करेगी। निरीक्षण के बाद भवन योजना तैयार करने, निर्माण एजेंसी चयन और वित्तीय मंजूरी की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।

नारायणगढ़: पीजी कॉलेज परिसर में होगा निर्माण
नारायणगढ़ के पीजी कॉलेज परिसर में पॉलिटेक्निक कॉलेज स्थापित करने की योजना बनाई गई है। विभाग को यहां मानकों के अनुरूप पर्याप्त भूमि उपलब्ध मिली है। फिलहाल सीमांकन और माप प्रक्रिया जारी है, जिसके बाद भवन निर्माण की रूपरेखा तैयार की जाएगी।

कनीना: 22 एकड़ भूमि पर बनेगा संस्थान
कनीना क्षेत्र में पंचायत की ओर से लगभग 22 एकड़ जमीन उपलब्ध करवाई गई है। विभाग ने भूमि हस्तांतरण, साइट निरीक्षण और भवन निर्माण के प्रारूप तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

सरकार नए पॉलिटेक्निक कॉलेजों को आधुनिक तकनीकी शिक्षा केंद्र के रूप में विकसित करने की तैयारी कर रही है। इन संस्थानों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), रोबोटिक्स, डाटा साइंस, कंप्यूटर इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रिक वाहन तकनीक, सोलर ऊर्जा, मशीन ऑटोमेशन और आधुनिक मैन्युफैक्चरिंग जैसे हाईटेक कोर्स शुरू किए जाएंगे।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)            

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Krishan Rana

Related News

static