मध्यावधि चुनाव संबंधी दादा की संभावना को पोते दुष्यंत ने किया खारिज

punjabkesari.in Saturday, Jan 11, 2020 - 11:02 AM (IST)

जींद(जसमेर): डिप्टी सी.एम. दुष्यंत चौटाला ने अपने दादा इनैलो सुप्रीमो व पूर्व सी.एम.ओमप्रकाश चौटाला के प्रदेश में मध्यावधि चुनाव की संभावना को खारिज करते हुए कहा कि गठबंधन सरकार पूरे 5 साल चलेगी। उन्होंने दादा ओमप्रकाश चौटाला से कहा कि मध्यावधि चुनाव को लेकर दादा के पास कोई फार्मूला है तो उसे वह जनता के बीच रखने का काम करें।  शुक्रवार सुबह जजपा कार्यालय व उचाना में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि प्रदेश में गठबंधन सरकार जनहित तथा प्रदेश के विकास हेतु बनाई गई है। सरकार लगातार जनहित में काम कर रही है।

उन्होंने यह भी कहा कि न्यूनतम सांझा कार्यक्रम भाजपा तथा जजपा के बीच की आपस की बात है तथा इससे विरोधी दलों को कोई सरोकार नहीं होना चाहिए। गठबंधन को बेमेल बताने वालों को पहले अपने गिरेबान में झांकना चाहिए कि महाराष्ट्र में उन्होंने उस दल के साथ सरकार बनाई है जिसके साथ उनका शुरू से वैचारिक मतभेद रहा है। हरियाणा में तो भाजपा और जजपा एक-दूसरे के स्वाभाविक राजनीतिक सहयोगी हैं।


धान घोटाले से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि धान की खरीद में गड़बड़ी की शिकायतों पर सरकार ने जांच करवाई। जांच में गड़बड़ी सामने आने पर कानूनी राय अनुसार सरकार आगे बढ़ रही है। उन्होंने भाजपा व जजपा के बीच अंतर्कलह के विरोधियों के आरोपों को नकारते हुए कहा कि पूर्व सी.एम.भूपेंद्र हुड्डा व इनैलो को इस गठबंधन से राजनीतिक दिक्कत है। प्रदेश की जनता इस गठबंधन से खुश है।

 सी.ए.ए. को लेकर भ्रामक प्रचार कर रहा विपक्ष
डिप्टी सी.एम. ने कहा कि सी.ए.ए. को लेकर विपक्ष भ्रामक प्रचार कर रहा है। कांग्रेस को भ्रामक प्रचार करने से पहले अपने गिरेबान में झांकना चाहिए। कई सालों से भारत में रह रहे पाकिस्तान के एक पूर्व सांसद को नागरिकता देना कोई गुनाह नहीं है। उन्होंने दिल्ली विधानसभा चुनावों को लेकर कहा कि 10 सदस्यीय कमेटी की बैठक शनिवार और रविवार को होगी। इसके बाद 12 जनवरी को भाजपा के साथ गठबंधन को लेकर अंतिम फैसला किया जाएगा। बिजली मंत्री द्वारा बिजली चोरी करने वाले अधिकारियों पर रेड की प्रशंसा करते हुए दुष्यंत चौटाला ने कहा कि बिजली मंत्री रणजीत सिंह ने अच्छा काम किया है। बिजली निगम के जो अधिकारी लोगों की बिजली चोरी पकड़ते हैं और खुद चोरी करते हैं, ऐसे अधिकारियों पर एकाएक रेड करके बिजली मंत्री ने एक अच्छा संदेश दिया है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Isha

Recommended News

Related News

static