VIP नंबर के नाम पर 4.79 लाख की ठगी, हांसी साइबर पुलिस ने सहारनपुर से पकड़ा आरोपी
punjabkesari.in Tuesday, Apr 21, 2026 - 11:07 AM (IST)
हांसी (संदीप सैनी) : हांसी साइबर थाना पुलिस ने वीआईपी मोबाइल नंबर दिलाने के नाम पर लाखों रुपए की ठगी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। मुख्य सिपाही अमित कुमार ने बताया कि हांसी निवासी मंगल ने शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत के अनुसार 16 फरवरी 2025 को उन्हें एक कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को मोबाइल सिम विक्रेता बताकर जियो कंपनी का वीआईपी नंबर दिलाने का झांसा दिया। पुलिस टीम ने आरोपी उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से गिरफ्तार किया। आरोपी ने वीआईपी नंबर के बदले पैसे मांगे, जिसके बाद शिकायतकर्ता उसके झांसे में आ गया। ठग ने वॉट्सएप के जरिए पोर्टिंग कोड और भुगतान के लिए क्यूआर कोड भेजा। लगातार संपर्क में रहकर उसने शिकायतकर्ता का विश्वास जीता और विभिन्न किस्तों में कुल 4 लाख 79 हजार 670 रुपए की ठगी की। शिकायत मिलने पर साइबर थाना हांसी में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
आरोपी की पहचान कशिश गिरधर पुत्र बालकिशन गिरधर, निवासी दलीप विहार, दिल्ली के रूप में हुई। पुलिस टीम ने उसे उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा। इससे उससे गहन पूछताछ कर अन्य साथियों, वारदातों और ठगी की गई राशि के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी जुटाई जा सकेगी। पुलिस ने यह भी बताया कि इस मामले में एक अन्य आरोपी को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)