इतिहास को भुलाकर उन्नति नहीं कर सकते हम: राव इंद्रजीत
punjabkesari.in Monday, Oct 31, 2016 - 12:18 PM (IST)

गुड़गांव: केंद्रीय आवास, विकास एवं गरीबी उन्नमूलन मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने शनिवार को हरियाणा स्वर्ण जयंती उत्सव के आयोजन स्थल सेक्टर-38 स्थित ताऊ देवीलाल खेल परिसर का निरीक्षण किया और अब तक की गई तैयारियों पर संतोष जताया। आयोजन स्थल पर मीडिया प्रतिनिधियों से बातचीत करते हुए कहा कि खुशी की बात है कि राज्य सरकार ने गुड़गांव विकास प्राधिकरण अर्थात जी.डी.ए. के गठन की प्रक्रिया शुरू करने के लिए वरिष्ठ आइ.ए.एस. अधिकारी वी उमाशंकर को नियुक्त किया है।
उन्होंने कहा कि वे केवल इतना चाहते हैं कि अन्य प्राधिकरणों की तरह जी.डी.ए. को इस शहर की प्लानिंग और सीएलयू जारी करने का अधिकार होना चाहिए। जी.डी.ए. पूरी तरह से शहर का विकास करने के लिए सक्षम हो। राव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि यह उद्घाटन समारोह बिल्कुल भिन्न प्रकार का है और तैयारियों को देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि यह अनूठा भी होगा। एक अन्य सवाल के जवाब में मंत्री राव ने कहा कि जब 1 नवम्बर 1966 को हरियाणा अलग प्रांत के रूप में अस्तित्व में आया था उस समय यह कयास लगाए जा रहे थे कि यह राज्य कामयाब नहीं होगा लेकिन उन कयासों के विपरीत हरियाणावासियों की मेहनत के बल पर इस प्रदेश ने दिन दोगुनी रात चौगुनी उन्नति की और आज यह प्रदेश पंजाब को पीछे छोड़ केरल जैसे उन्नत राज्यों की बराबरी करने लगा है।
विपक्षी पार्टियों द्वारा गुड़गांव का नाम बदलकर गुरुग्राम किए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि हम अपने इतिहास पर फक्र करते हैं और यह भूमि महाभारत काल के गुरु द्रोणाचार्य की कर्मस्थली रही है जिनके नाम पर इस जगह का नाम गुरुग्राम था। हम अपने गौरवमई इतिहास को भुलाकर उन्नति नहीं कर पाएंगे।