Haryana : 157 AI कैमरों से होगी हरियाणा में इस शहर की निगरानी, लगभग 1 करोड़ का आया है खर्च...

punjabkesari.in Friday, Apr 10, 2026 - 02:45 PM (IST)

बहादुरगढ़(प्रवीण कुमार धनखड़) :  हरियाणा के बहादुरगढ़ से एक बड़ी और सकारात्मक खबर सामने आई है, जहां अब शहर की सुरक्षा हाईटेक हो गई है। बहादुरगढ़ में सिटी सर्विलांस सिस्टम ‘दृष्टि’ का भव्य शुभारंभ किया गया है। इस प्रोजेक्ट के तहत बहादुरगढ़ चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की ओर से शहरभर में 157 आधुनिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इन हाई-रेजोल्यूशन और एआई अपग्रेडेड कैमरों पर करीब 1 करोड़ रुपये की लागत आई है।

इस अत्याधुनिक सिस्टम का उद्घाटन पुलिस कमिश्नर राजश्री ने किया। शहर के सिटी थाने में एक अत्याधुनिक सर्विलांस रूम भी बनाया गया है, जहां से पूरे बहादुरगढ़ पर नजर रखी जाएगी।

सीसीटीवी कैमरों की मदद से पुलिस अब तक दो आपराधिक वारदातों को सुलझाने में भी कामयाब रही है। पुलिस कमिश्नर राजश्री ने बताया कि अब ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भी सीसीटीवी के जरिए नजर रखी जाएगी और उनके चालान काटे जाएंगे। साथ ही पुलिस कमिश्नर डाक्टर राजश्री ने बताया कि डीघल गांव में फाइनेंसर हत्याकांड के आरोपियों की पहचान भी हो चुकी है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

वहीं बहादुरगढ़ चैम्बर ऑफ कॉमर्स यानी बीसीसीआई के प्रधान सुभाष जग्गा ने कहा कि आने वाले समय में शहर में 300 कैमरे लगाने का लक्ष्य है और यह अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि इस तरह के सिस्टम पूरे प्रदेश में लागू होने चाहिए, जिससे अपराधियों पर कड़ी नजर रखी जा सके। उनका कहना है कि सीसीटीवी सिस्टम के जरिए ना सिर्फ अपराधों पर लगाम लगेगी, बल्कि ट्रैफिक व्यवस्था भी बेहतर होगी। 

बहरहाल बहादुरगढ़ में ‘दृष्टि’ प्रोजेक्ट शहर को सुरक्षित और स्मार्ट बनाने की दिशा में एक बड़ी पहल साबित हो रहा है, जो अपराध मुक्त हरियाणा के सपने को साकार करने में अहम भूमिका निभा सकता है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static