Budget session: प्रश्नकाल के साथ सदन की कार्यवाही शुरु
punjabkesari.in Monday, Mar 02, 2020 - 02:05 PM (IST)

चंडीगढ़(धरणी): दो दिन के अवकाश के बाद हरियाणा विधानसभा बजट सत्र की कार्यवाही साेमवार काे दोपहर 2 बजे शुरु हो गई। इसमें प्रश्नकाल के बाद मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर द्वारा बीते शुक्रवार को पेश किए गए बजट पर चर्चा होगी। चर्चा के दौरान विपक्षी दल सरकार को घेर सकते हैं।
नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा व किरण चौधरी बढ़ते ऋण के मुद्दे पर सरकार को कटघरे में खड़ा करने का प्रयास करेंगे। हुड्डा का कहना है कि जब कोई नया प्रोजैक्ट नहीं आया तो कर्जा कैसे बढ़ गया। उन्होंने बढ़ते कर्ज को लेकर श्वेत पत्र भी मांगा है। प्रश्नकाल के दौरान ही विधायक कानून व्यवस्था की स्थिति को लेकर सरकार पर निशाना साध सकते हैं, क्योंकि इस संदर्भ में करीब 5 विधायकों ने सवाल लगाए हुए हैं। कांग्रेस विधायक गीता भुक्कल, जगबीर सिंह मलिक, चिरंजीव राव, अफताब अहमद और जजपा विधायक ईश्वर सिंह ने कानून व्यवस्था के संदर्भ में सवाल लगाए हुए हैं।
महम के निर्दलीय विधायक बलराज कुंडू ने निजी अस्पतालों में गरीबों के मुफ्त इलाज को लेकर सवाल लगाया है। कांग्रेस विधायक बिशनलाल सैनी डी.सी. रेट पर लगे कर्मचारियों को नियमित करने का सवाल सदन में उठा सकते हैं। पृथला के निर्दलीय विधायक नयनपाल रावत सवाल पूछेंगे कि क्या ट्रैक्टर ट्राली पर घर के प्रयोग के लिए मिट्टी की ढुलाई वैध श्रेणी में आती है या नहीं। इंद्री के भाजपा विधायक रामकुमार कश्यप स्कूलों में शिक्षकों की मौजूदा संख्या, उनके पद और खाली पदों का ब्यौरा बारे जानकारी मांगी हुई है।
महेंद्रगढ़ के कांग्रेस विधायक राव दान सिंह पूर्व सी.एम. भूपेंद्र सिंह हुड्डा के पिता के नाम पर बने चौ. रणबीर सिंह हुड्डा पार्क की दयनीय हालत का मुद्दा सदन में उठा सकते है। इनैलो विधायक अभय चौटला किसानों के मुद्दे को लेकर लगातार सरकार पर निशाना साध रह हैं। सोमवार को गन्ना किसानों की स्थिति और चीनी मिलों की क्षमता को लेकर जवाब मांगेंगे।
सबसे ज्यादा पढ़े गए
Related News
सावधान! बारिश से हथिनीकुंड बैराज की डाउनस्ट्रीम को हुआ नुकसान, युद्धस्तर पर शुरू हुआ मरम्मत का कार्य
