जल्दी लौट आऊंगा...कहकर घर से निकला था युवक: अगले दिन मिला शव, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
punjabkesari.in Wednesday, Sep 30, 2026 - 05:47 PM (IST)
पलवल (दिनेश कुमार): पलवल में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। युवक 29 सितंबर की शाम अपनी स्कूटी लेकर घर से निकला था, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटा। परिजनों ने थाना कैंप पलवल में शिकायत देकर युवक की मौत के कारणों का पता लगाने की मांग की गई है।
मिली जानकारी के अनुसार मृतक युवक की पहचान 26 वर्षीय हर्ष के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि 29 सितंबर की शाम करीब साढ़े 7 बजे वह अपनी स्कूटी (HR-30-AA-2463) लेकर घर से निकला था। बताया गया कि वह करीब 10 से 15 मिनट में वापस आने की बात कहकर गया था, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटा।
परिजनों के अनुसार हर्ष के पास मोबाइल फोन भी नहीं था, जिसके चलते परिवार उसकी तलाश को लेकर चिंतित हो गया। इसके बाद आज सुबह परिवार को फोन के जरिए सूचना मिली कि हर्ष की स्कूटी एपेक्स अस्पताल के महज नजदीक मिली है और वहां एक व्यक्ति का शव भी पड़ा है।
सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान हर्ष के रूप में की। परिवार ने पुलिस से शव का पोस्टमार्टम करवाकर मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने की मांग की है। शिकायत में यह भी कहा गया है कि फिलहाल परिवार को किसी व्यक्ति पर कोई शक नहीं है। अब पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)