हरियाणा के प्रशिक्षक प्रशिक्षण संस्थान ने रचा कीर्तिमान, ए+ ग्रेड के साथ देश के शीर्ष 3 सरकारी संस्थानों में स्थान
punjabkesari.in Friday, Jan 16, 2026 - 03:25 PM (IST)
हिसार(विनोद सैनी): पशुपालन एवं डेयरी विभाग, हरियाणा सरकार द्वारा संचालित हिसार स्थित राज्य स्तरीय प्रशिक्षक प्रशिक्षण संस्थान को भारत सरकार द्वारा ए+ ग्रेड प्रदान किया गया है। यह उपलब्धि संस्थान के साथ-साथ हरियाणा राज्य के लिए भी अत्यंत गौरवपूर्ण है।
इस संस्थान का मुख्य उद्देश्य पशुपालन एवं डेयरी विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के कौशल विकास हेतु उच्च गुणवत्ता वाले प्रशिक्षण कार्यक्रमों का आयोजन करना है। संस्थान की मान्यता हेतु भारत सरकार द्वारा अक्टूबर 2025 में तीन सदस्यीय निरीक्षण टीम द्वारा विस्तृत अवलोकन किया गया। निरीक्षण के दौरान बुनियादी ढांचा, प्रशिक्षकों की उपलब्धता, व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रयोगशालाएं, पाठ्यक्रम अध्ययन सामग्री, प्रशिक्षण अवधि, पुस्तकालय सुविधाएं, प्रशिक्षार्थियों का रिकॉर्ड प्रबंधन, पाठ्यक्रम की विषयवस्तु एवं गुणवत्ता जैसे अनेक महत्वपूर्ण मापदंडों का गहन मूल्यांकन किया गया। इन सभी मापदंडों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर संस्थान को कृत्रिम गर्भाधान प्रशिक्षण कार्यक्रमों हेतु ए+ ग्रेड प्रदान किया गया।
पशुपालन एवं डेयरी विभाग, भारत सरकार द्वारा जारी आदेशों के अनुसार देशभर के कुल 80 प्रशिक्षण संस्थानों का मूल्यांकन किया गया, जिनमें से केवल 14 संस्थानों को ए+ ग्रेड प्राप्त हुआ। विशेष रूप से उल्लेखनीय है कि पूरे देश में केवल 3 सरकारी संस्थानों को यह सर्वोच्च ग्रेड प्राप्त हुआ है, जिनमें से दो संस्थान केरल राज्य से तथा एकमात्र संस्थान प्रशिक्षक प्रशिक्षण संस्थान, हिसार (हरियाणा) है।
इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर संस्थान के प्रधानाचार्य-सह-संयुक्त निदेशक डॉ. सुखदेव राठी ने बताया कि यह सफलता पशुपालन एवं डेयरी विभाग, हरियाणा सरकार के प्रमुख सचिव श्री विजय दहिया, आईएएस की दूरदर्शी सोच, स्पष्ट नीति निर्धारण, सतत मार्गदर्शन, प्रशासनिक समर्थन एवं प्रेरणादायी नेतृत्व का प्रतिफल है। श्री दहिया के कुशल नेतृत्व में विभाग द्वारा प्रशिक्षण की गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं परिणामोन्मुखी कार्यप्रणाली पर विशेष बल दिया गया, जिसके कारण संस्थान राष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान बनाने में सफल रहा।
डॉ. राठी ने आगे बताया कि भारत सरकार की निरीक्षण टीम के स्वागत एवं मूल्यांकन की तैयारियों हेतु गठित समिति में डॉ. रविन्द्र सैनी, डॉ. राजीव बांगर, डॉ. रामकरण एवं डॉ. मनजीत ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने समिति के सभी सदस्यों एवं संस्थान के समस्त स्टाफ को इस उत्कृष्ट उपलब्धि हेतु हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
यह ए+ ग्रेड न केवल प्रशिक्षक प्रशिक्षण संस्थान, हिसार की कार्यक्षमता का प्रमाण है, बल्कि यह हरियाणा सरकार की पशुपालन एवं डेयरी क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण एवं मानव संसाधन विकास के प्रति प्रतिबद्धता को भी राष्ट्रीय स्तर पर सुदृढ़ रूप से स्थापित करता है।