बाढ़ प्रभावित घरों की मरम्मत के लिए हरियाणा सरकार देगी मदद, डिप्टी CM बोले- केंद्र से मांगेंगे पैकेज

punjabkesari.in Tuesday, Jul 18, 2023 - 07:52 AM (IST)

भिवानी: बाढ़ के कारण मकानों, फसलों, पशुपालकों और जनहानि झेलने वालों की मदद के लिए हरियाणा सरकार आगे आई है। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि घर के नुकसान की भरपाई के लिए बाढ़ पीड़ितों को 1.20 लाख रुपये तक की मदद दी जाएगी। बाढ़ के कारण जान गंवाने वालों के पीड़ित परिवारों को चार लाख रुपये मुआवजा मिलेगा।

किसानों को भी दिया जाएगा मुआवजा

उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने सोमवार को राजस्व एवं आपदा और लोक निर्माण विभाग की बैठक ली और बाढ़ से हुए नुकसान व लोगों की मदद करने पर मंथन किया। उन्होंने बताया कि बाढ़ के कारण पशुपालकों को हुए नुकसान की भरपाई के लिए दुधारू पशु और बिना दुधारू पशुओं की श्रेणी बनाई गई है। जिला उपायुक्त इसकी रिपोर्ट तैयार करके भेजेंगे। इसके बाद मुआवजा राशि घोषित की जाएगी।अधिकारियों को मृतकों के परिवार के सदस्यों के बैंक खाते में मुआवजा राशि भेजने का आदेश दे दिया गया है। फसलों के नुकसान का मुआवजा आकलन पूरा होने के बाद दिया जाएगा। जहां सौ प्रतिशत फसलों के नुकसान की रिपोर्ट आएगी, वहां तुरंत किसानों के खातों में 15 हजार रुपये प्रति एकड़ के हिसाब से मुआवजा दिया जाएगा। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार केंद्र से बाढ़ग्रस्त राज्यों के अनुरूप राहत मांगेगी। इसके लिए जल्द केंद्र को प्रस्ताव भेजा जाएगा।


सड़कों को दुरुस्त करने के लिए 230 करोड़ का बजट

लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने उपमुख्यमंत्री को बताया कि बाढ़ के कारण 148 जगहों पर विभाग की सड़कों को नुकसान पहुंचा है। इन सड़कों को दुरुस्त करने के लिए करीब 230 करोड़ का बजट बनाया गया है और इन सड़कों की तेजी से मरम्मत करने के लिए एक कमेटी का भी गठन कर दिया है।  
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static