कांग्रेस-AAP में महिला उम्मीदवार पर झगड़ा, आप ने लगाया ये आरोप, उदयभान ने दिया जबाव
punjabkesari.in Monday, Feb 17, 2025 - 07:45 PM (IST)

फरीदाबाद (अनिल राठी) : हरियाणा में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (AAP) के बीच उम्मीदवार को लेकर झगड़ा शुरू हो गया है। दरअसल, फरीदाबाद नगर निगम में दोनों पार्टियों ने एक महिला को एक ही वार्ड से पार्षद चुनाव के लिए अपनी-अपनी टिकट दे दी। पहले AAP ने लिस्ट जारी की, फिर 1 दिन बाद कांग्रेस ने भी महिला हरविंदर कौर को उम्मीदवार बना दिया।दोनों लिस्ट सामने आईं तो मामला सुर्खियों में आ गया।
कांग्रेस का दावा है कि महिला और उनके पति हरजिंदर सिंह ने उनके टिकट के लिए आवेदन किया था। जिसके बाद फरीदाबाद NIT के पूर्व विधायक नीरज शर्मा ने इसकी पैरवी की। इससे उन्हें उम्मीदवार बना दिया गया। वहीं आम आदमी पार्टी का कहना है कि महिला और उनके पति खुद हमसे टिकट लेकर गए हैं। इसके बारे में पास फोटो वाले सबूत भी हैं। कांग्रेस को उम्मीदवार नहीं मिल रहे, इस वजह से हमारा कैंडिडेट ले लिया।
हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष चौधरी उदयभान ने कहा कि महिला AAP से चुनाव लड़ना ही नहीं चाहती थी। वैसे भी आम आदमी पार्टी में अब आम तो बचा नहीं, सिर्फ गुठलियां रह गई हैं।इसको लेकर आप और कांग्रेस के संगठन की कारगुजारी पर सवाल हो रहे हैं कि टिकट बंटवारे को लेकर उन्होंने पहले कोई पड़ताल नहीं की कि महिला को दूसरी पार्टी टिकट दे चुकी है या वह दूसरी पार्टी से भी टिकट मांग रही है।
2024 में कांग्रेस में शामिल हुएः हरजिंदर सिंह
इस बारे में हरविंदर कौर के पति हरजिंदर सिंह ने बताया कि वह कई सालों से AAP के साथ जुड़े हुए थे। मगर, 2024 के विधानसभा चुनाव में वह कांग्रेस में शामिल हो गए। फरीदाबाद NIT से कांग्रेस के पूर्व विधायक नीरज शर्मा ने उनको पार्टी में शामिल कराया था। विधानसभा चुनाव होने के कुछ दिन बाद ही हरजिंदर सिंह वापस AAP में शामिल हो गए। इसके बाद उन्होंने AAP में वार्ड नंबर 9 से पत्नी हरविंदर कौर को पार्षद का चुनाव लड़ाने के लिए आवेदन कर दिया। AAP ने 15 फरवरी को सूची जारी की, जिसमें हरविंदर का नाम भी था। 16 फरवरी को शाम को हरविंदर का नाम कांग्रेस की सूची में भी आ गया।
कांग्रेस से ही मांगा था टिकट
हरजिंदर सिंह ने कहा कि उनकी पत्नी अब कांग्रेस की उम्मीदवार बनकर चुनाव लड़ेंगी। वह पहली बार चुनाव लड़ रही हैं। उन्होंने कहा कि वे AAP को छोड़ चुके हैं। इसके बावजूद उनकी पत्नी को उम्मीदवार बनाया गया, लेकिन वह कांग्रेस से ही नामांकन भर रहे हैं।इस बारे में हरविंदर कौर मेहंदीरत्ता ने कहा कि मैं कांग्रेस पार्टी से नामांकन कर रही हूं। AAP को कोई गलतफहमी हुई है। हमने कांग्रेस से ही टिकट के लिए आवेदन किया था। आम आदमी पार्टी के मुझे उम्मीदवार बनाने के बारे में मुझे कोई जानकारी नहीं है।
आप ने कहा कि दूसरे उम्मीदवार पर फैसला लेंगे।
आम आदमी पार्टी के प्रवक्ता नरेश शर्मा ने कहा कि हमने 2 दिन पहले हरजिंदर सिंह की पत्नी हरविंदर कौर को टिकट दी थी। वह खुद टिकट लेने के लिए आए थे। पार्टी भी उन्होंने खुद ही आकर जॉइन की थी। हमारे पास उनके टिकट लेने के फोटो भी हैं। मैं कोर कमेटी मेंबर हूं और मेरे भी उनकी टिकट वाले फैसले में साइन हैं। इन्होंने अपने सारे कागज लाकर हमसे टिकट मांगी थी। हमारे पास उसके सबूत हैं। कांग्रेस के पास कैंडिडेट नहीं थे, इसलिए हमारी पार्टी से कैंडिडेट ले लिया। उन्होंने कहा कि हरजिंदर सिंह का यह गलत फैसला है। इससे पहले विधानसभा चुनाव के वक्त भी उन्होंने यही गलती की थी। आप के साथ कई साल रहते हुए भी उन्होंने चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार नीरज शर्मा का सपोर्ट किया। जैसे नीरज चुनाव हारे तो आप में आ गए। अब फिर कांग्रेस में चले गए। हम इनके टिकट को कैंसिल कर रहे हैं। जल्द नया उम्मीदवार घोषित कर दिया जाएगा।
AAP से कोई लड़ना नहीं चाहताः उदयभान
हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष चौधरी उदयभान ने इसको लेकर कहा कि हरविंदर कौर ने टिकट के लिए कांग्रेस में अप्लाई किया। हमारी कमेटी ने उसको रिकमेंड किया। जिसके बाद पार्टी ने टिकट दे दी। आम आदमी पार्टी के उनके कैंडिडेट को कांग्रेस का अपना उम्मीदवार बनाने के आरोप पर उदयभान ने हंसते हुए कहा- AAP में आम तो बचा नहीं सिर्फ गुठली ही रह गई है। उनकी गुठलियों पर कौन जाएगा। महिला को पहले ही AAP ने टिकट दे दी और उसके बाद भी उसने कांग्रेस से टिकट मांगा तो साफ है कि वह आप से लड़ना ही नहीं चाहती थी।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)