30 राउंड ताबड़तोड़ फायरिंग से दहला Haryana, पुलिस थाना के सामने 2 पक्षों में चलीं अंधाधुंध गोलियां...6 घायल, 2 की हालत गंभीर
punjabkesari.in Thursday, Aug 06, 2026 - 04:43 PM (IST)
चरखी दादरी (पुनीत श्योराण) : हरियाणा के चरखी दादरी शहर में गुरुवार को सिटी थाना पुलिस के सामने उस समय सनसनी फैल गई, जब दो पक्षों के बीच गैंगवार में अंधाधुंध गोलियां चलीं।
यहां कोर्ट से तारीख भुगतकर लौट रहे युवकों की गाड़ी थाने के सामने रोककर करीब आधा दर्जन हमलावरों ने ताबड़तोड़ लगभग 30 राउंड फायरिंग कर दी। गोलीबारी में 6 लोग घायल हो गए, जिन्हें तत्काल दादरी के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
बता दें कि पुलिस थाने के सामने हमलावर वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए। घायलों में दो युवकों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद रोहतक PGI रेफर किया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी कप्तान सिंह और डीएसपी मुख्यालय धीरज कुमार सिविल अस्पताल पहुंचे और घायलों से पूछताछ कर घटना की जानकारी ली।
वारदात के बाद पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है। घटनास्थल के दोनों ओर सड़क को ब्लॉक कर दिया गया, जबकि आरोपियों की तलाश में पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पूरे चरखी दादरी जिले में हाई अलर्ट घोषित।

फिलहाल गोलीबारी के कारणों की जांच जारी है। पुलिस जल्द ही पूरे मामले का खुलासा करने का दावा कर रही है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)