सिक्किम में शहीद हुआ हरियाणा का बेटा, सेना के जवानों से भरी बस खाई में गिरने से हुआ था हादसा
punjabkesari.in Saturday, Dec 24, 2022 - 09:27 AM (IST)

अग्रोहा(हनुमान) : सिक्किम के हुए भीषण सड़क हादसे में शहीद हुए भारतीय सेना के 16 जवानों में हरियाणा का बेटा भी शामिल है। अग्रोहा के गांव संडोल के रहने वाले सोमवीर की शहादत की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड गई। बता दें कि सोमवीर दो बच्चों के पिता थे और तीनों भाई बहनों में सबसे बड़े भी थे।
जानकारी के अनुसार अग्रोहा के गांव संडोल के रहने वाले सोमवीर किसान परिवार से ताल्लुक रखते थे। उन्होंने 2015 में ही इंडियन आर्मी ज्वॉइन की थी और वे बंबई रेजिमेंट में तैनात थे। उनका एक भाई और एक बहन है। छोटा भाई भी भारतीय सेना में हैं। सोमवीर की शहादत का समाचार पहुंचते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। आसपास के लोग शहीद परिवार को सांत्वना देने उनके घर पहुंचने लगे।
दरअसल शुक्रवार को सिक्किम के जेमा में आर्मी का ट्रक खाई में गिर गया, जिसमें 16 जवानों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि जवानों से भरी बस एक एक तीखे मोड़ पर फिसल गई और सीधी जाकर खाई में जा गिरी। सेना की रेस्क्यू टीम ने 4 घायल जवानों को एयरलिफ्ट कर अस्पताल में भर्ती कराया। इस बीच 16 जवानों ने दम तोड़ दिया।
उत्तरी सिक्किम में दुर्भाग्यपूर्ण सड़क दुर्घटना के दौरान सेना के जवानों की आकस्मिक मृत्यु का समाचार हृदयविदारक है।
— Manohar Lal (@mlkhattar) December 23, 2022
राष्ट्र उनकी सेवा व प्रतिबद्धता के लिए वीर सपूतों को नमन करता है। उनके परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं।
घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने भी इस दुखद दुर्घटना पर दुख जताया है। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा कि, ‘उत्तरी सिक्किम में दुर्भाग्यपूर्ण सड़क दुर्घटना के दौरान सेना के जवानों की आकस्मिक मृत्यु का समाचार हृदयविदारक है। राष्ट्र उनकी सेवा व प्रतिबद्धता के लिए वीर सपूतों को नमन करता है। उनके परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।’
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)