हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड को मिला नया चेयरमैन, उपप्रधान के पद पर रहे वीपी यादव ने संभाला पदभार

punjabkesari.in Friday, Oct 07, 2022 - 07:13 PM (IST)

भिवानी (अशोक भारद्वाज) : हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड को करीब साढ़े 6 साल बाद नया चेयरमैन मिला है। वेद प्रकाश यादव ने नए चेयरमैन का पदभार संभाला है। पद ग्रहण करने के साथ ही उन्होंने अपनी प्राथमिकता गिनवाई और हरियाणा शिक्षा बोर्ड को देश का नंबर वन शिक्षा बोर्ड बनाने की बात कही। 

गौरतलब है कि शिक्षा के क्षेत्र में सुधार करने को अपनी प्राथमिकता मानने वाले वीपी यादव का शिक्षा क्षेत्र से जुड़ाव कई दशकों का है। वह शिक्षा बोर्ड के उपाध्यक्ष भी रहे हैं। उन्होंने 22 मार्च 2021 को बोर्ड उपाध्यक्ष का कार्यभार संभाला था। वह शिक्षा बोर्ड के उन सभी क्षेत्रों में सकारात्मक बदलाव के हिमायती व पैरोकार रहे हैं, जिनसे शिक्षा जगत का बहुआयामी विकास हो। उनका मानना है कि शिक्षा के माध्यम से व्यक्ति को गुणवान, सुशील, ज्ञानवान, समाज व देश के प्रति समर्पित बनाया जा सकता है। यादव ने अपनी नियुक्ति के लिए मुख्यमंत्री मनोहर लाल व शिक्षामंत्री कंवरपाल गुर्जर का आभार व्यक्त किया है। 

वीपी यादव ने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा को बिना किसी हस्तक्षेप के बेहतर तरीके से करवाना रहेगी। उन्होंने कहा कि शिक्षा बोर्ड द्वारा परीक्षाओं की गुणवत्ता व विश्वसनीयता में अभिवृद्धि के लिए बहुत सराहनीय प्रयास किए गए हैं। अब इन प्रयासों को जारी रखा जाएगा। 

बता दें कि वीपी यादव मूल रूप से जिला महेन्द्रगढ़ के पटीकरा गांव के रहने वाले है, लेकिन लंबे समय से वह रेवाड़ी में रह रहे हैं। उनके पिता प्रताप सिंह सेना में थे इसलिए विभिन्न स्थानों पर उन्होंने अपनी प्रारम्भिक शिक्षा हासिल की। कुरूक्षेत्र विश्वविद्यालय से स्नातक करने के पश्चात् महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय, अजमेर से उन्होंने स्नातकोत्तर की पढ़ाई की। एमडीयू रोहतक से एमएड करने के पश्चात आइईसी विवि हिमाचल से एलएलबी की।

वर्ष 1998 में उन्होंने रेवाड़ी में यदुवंशी कांवेंट स्कूल की स्थापना की तथा यहीं से अपनी शिक्षण संस्था की पौध को आगे बढ़ाया। वह सनग्लो इंटरनेशनल स्कूल के अध्यक्ष हैं। शिक्षा के क्षेत्र में लगभग ढ़ाई दशक का अनुभव होने के कारण उनकी अपनी विशेष पहचान है। उनकी नियुक्ति के पीछे की वजह भी यही मानी जा रही है कि वह लोक प्रशासन व शिक्षा में स्नातकोत्तर होने के साथ वे लॉ ग्रेज्यूएट भी है। वे केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड से जुड़े संगठन सहोदय के जिला अध्यक्ष भी रहे हैं। यादव के स्कूल को जिला प्रशासन की ओर से समय-समय पर बेस्ट स्कूल के अवार्ड से भी सम्मानित किया जा चुका है। वे सहोदय के जिला प्रधान होने के साथ ही सीबीएसई के निरीक्षण अधिकारी भी हैं। वर्ष 2010 में बैंकॉक में हुई युनेस्को इंटरनेशनल ओरल कांफ्रेंस में उन्होंने देश का प्रतिनिधित्व किया था। विभिन्न संस्थाओं द्वारा उन्हें विशेष सम्मान भी दिया जा चुका है।

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Manisha rana

Related News

static