Haryana: इस जिले को मिला 9.45 करोड़ का फंड, अब गांवों के विकास कार्यों में आएगी रफ्तार...

punjabkesari.in Tuesday, Nov 11, 2025 - 01:11 PM (IST)

कैथल (जयपाल रसूलपुर): सरकार के विकास एवं पंचायत विभाग ने कैथल जिले की 277 पंचायतों सहित पंचायत समितियों और जिला परिषद को ग्रामीण क्षेत्र में विकास कार्यों के लिए 9.45 करोड़ का फंड जारी किया है। इस अनुदान राशि को 15वीं वित्त आयोग के अंतर्गत पहला बेसिक ग्रांट (अनटाइड ग्रांट) के रूप में जारी किया गया है। यह राशि गांवों के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने, सड़कों, नालियों, स्वच्छता और पेयजल जैसी योजनाओं को गति देने के लिए सीधे पंचायतों के खातों में डाल दी गई है। 

सरकार द्वारा जारी किए गए फंड के अनुसार जिले की 277 ग्राम पंचायतों को उनकी जनसंख्या के आधार पर 75% यानि 7.45 करोड़ रुपए मिले हैं। वहीं पंचायत समितियों को 15% के हिसाब से 1.49 करोड़ और जिला परिषद को 99.88 लाख की राशि आवंटित की गई है। ब्लॉकवार देखें तो कैथल ब्लॉक को सबसे अधिक 1.99 करोड़ रुपए, जबकि सीवन ब्लॉक को सबसे कम 67.58 लाख रुपए का फंड मिला है। इसके अलावा पुंडरी, कलायत, गुहला, ढांड और राजौंद ब्लॉकों को भी करोड़ों रुपयों की राशि जारी की गई है। वहीं पंचायत स्तर पर पुंडरी ब्लॉक के पाई गांव को सबसे अधिकत 16.9 लाख रुपए मिले हैं, जबकि सीवन ब्लॉक के मेघा माजरा पंचायत को सबसे कम 25 हजार रुपये मिले हैं। 

आदेश में कहा गया है कि यह राशि अनटाइड ग्रांट है, यानी पंचायतें इसे अपनी प्राथमिकता के अनुसार गांव के विकास कार्यों जैसे सड़कों की मरम्मत, जल निकासी, स्वच्छता, पेयजल व्यवस्था, और अन्य बुनियादी ढांचे के निर्माण में उपयोग कर सकती हैं। विभाग ने निर्देश दिए हैं कि हर जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी यह सुनिश्चित करेंगे कि राशि का उपयोग पूरी पारदर्शिता से और योजना के दिशा-निर्देशों के अनुसार ही किया जाए। पंचायती संस्थाओं को यह भी निर्देश दिए गए हैं कि वे निर्धारित प्रारूप में उपयोग प्रमाणपत्र समय-सीमा के भीतर विभाग को भेजें। 


  PunjabKesari
पंचायत फंड का ब्लॉकवार आवंटन

  • ब्लॉक का नाम - मिली राशि 
  • कैथल ब्लॉक 1,99,03,841
  • पुंडरी ब्लॉक 1,18,31,680
  • कलायत ब्लॉक 1,02,78,910
  • गुहला ब्लॉक 1,01,85,218
  • ढांड ब्लॉक 87,02,495
  • राजौंद ब्लॉक 76,10,765
  • सीवन ब्लॉक 67,58,194

कुल राशि- 7,52,71,103 (सात करोड़ बावन लाख इकहत्तर हजार एक सौ तीन रुपए)


लिटल बॉक्स- 

  • ग्रामवार उल्लेखनीय आवंटन:
  • पाई (पुंडरी ब्लॉक) — 16,09,380 (सबसे अधिक)
  • मेघा माजरा (सीवन ब्लॉक) — 25,260 (सबसे कम)


 जिला परिषद व ब्लॉक समितियों को स्वीकृत बजट:

  • नाम- स्वीकृत राशि 
  • जिला परिषद कैथल 9,988,673
  • कैथल ब्लॉक समिति 3,961,938
  • पुंडरी ब्लॉक समिति 2,355,143
  • गुहला ब्लॉक समिति 2,027,408
  • कलायत ब्लॉक समिति 2,046,058
  • ढांड ब्लॉक समिति 1,732,266
  • राजौंद ब्लॉक समिति 1,514,953
  • सीवन ब्लॉक समिति 1,345,246

कुल बजट: 24,971,685 (लगभग 2 करोड़ 49 लाख 71 हजार 685 रुपए)

 
पारदर्शी तरीके से किया जाएगा फंड का उपयोग: सुमित चौधरी 
जिला परिषद डिप्टी सीईओ सुमित चौधरी ने बताया कि पंचायतें इस राशि का उपयोग विकास योजनाओं में प्राथमिकता के आधार पर करेंगी। फंड का उपयोग ई ग्राम स्वराज और पीएफएमएस पोर्टल के माध्यम से पारदर्शी तरीके से किया जाएगा। यह आवंटन ग्रामीण क्षेत्रों में विकास की नई दिशा तय करेगा और गांवों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करेगा।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static