हरियाणा को नई विधानसभा के लिए मिलेगी जमीन, चंडीगढ़ प्रशासन 10 एकड़ जमीन देने को तैयार

punjabkesari.in Thursday, Jul 13, 2023 - 08:26 PM (IST)

चंडीगढ़ (चंद्रशेखर धरणी) : हरियाणा को विधानसभा की नई इमारत के लिए चंडीगढ़ में जमीन मिलने का रास्ता साफ हो गया है। चंडीगढ़ प्रशासन हरियाणा को दस एकड़ जमीन देने के लिए तैयार हो गया है। बदले में हरियाणा द्वारा चंडीगढ़ को आईटी पार्क के निकट 12 एकड़ जमीन देगा।

चंडीगढ़ के उपायुक्त विनय प्रताप सिंह ने गुरुवार को कहा कि जमीन की अदला-बदली का फैसला हरियाणा सरकार के अधिकारियों के साथ हुई बैठक में लिया गया, जिन्हें गैर-कब्जाग्रस्तता प्रमाण पत्र और 12 एकड़ की सीमांकन रिपोर्ट जमा करने के लिए कहा गया है।

हरियाणा के पास इस समय जो इमारत है वह पंजाब के साथ सटी हुई है। पंजाब और हरियाणा की विधानसभाएं इस समय एक ही परिसर में चल रही हैं। पंजाब द्वारा हरियाणा को विधानसभा की इमारत में आजतक समझौते के अनुसार पूरी हिस्सेदारी नहीं दी गई है। इसे लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। हरियाणा की वर्तमान विधानसभा इमारत काफी छोटी पड़ रही है। दूसरा वर्ष 2026 के परिसीमन के बाद हरियराणा की विधानसभा सीटें 90 से बढक़र 126 तक पहुंचने की उम्मीद है। जिसके चलते हरियाणा चंडीगढ़ में ही नई विधानसभा इमारत बनाने की कवायद में लगा हुआ है।

अब चंडीगढ़ प्रशासन ने हरियाणा को जमीन देने की तैयारी कर ली है। चंडीगढ़ के उपायुक्त के अनुसार हरियाणा को दोनों प्रमाण पत्र जमा करने के लिए उन्हें दो सप्ताह का समय दिया गया है। यह दस्तावेज जमा करवाए जाने के बाद जमीन अलाट करने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Mohammad Kumail

Related News

static