हरियाणा महिला आयोग की अध्यक्ष रेणु भाटिया ने रैपर बादशाह को दिया अल्टीमेटम: स्पष्टीकरण दें, वरना...

punjabkesari.in Tuesday, Mar 10, 2026 - 08:47 AM (IST)

जींद(अमनदीप पिलानिया) : पंजाब केसरी से खास बातचीत में रेणु भाटिया ने कही ये बड़ी बातें हरियाणा राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रेणु भाटिया ने मशहूर रैपर बादशाह के विवादित हरियाणवी गाने 'टटीरी' (Tateeree) को लेकर सख्त रुख अपनाया है।

पंजाब केसरी से खास बातचीत में उन्होंने बादशाह को स्पष्ट अल्टीमेटम देते हुए कहा कि अगर वे आयोग के सामने स्पष्टीकरण नहीं देते, तो हरियाणा में उनके किसी भी कार्यक्रम की अनुमति नहीं दी जाएगी।

रेणु भाटिया ने कहा, "डांस करने वाली लड़कियों को नहीं पता होता कि गाने में क्या एडिट होगा, क्योंकि मैं भी एक कलाकार रही हूं। हरियाणवी कलाकार फौजी कर्मबीर को ध्यान रखना चाहिए था कि गाने में क्या ऐड होगा। मैं मानती हूं कि फौजी कर्मबीर को नहीं पता होगा क्या ऐड होगा।"उन्होंने आगे बताया कि दो लोगों ने लिखित शिकायत भेजी थी, जिसके तुरंत बाद आयोग ने संज्ञान लिया। बादशाह को समन जारी किया गया है और उन्हें 13 मार्च को पेश होने के लिए कहा गया है।

रेणु भाटिया ने गाने में जींद के स्कूल का इस्तेमाल करने पर भी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि इस मामले पर शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा से मुलाकात की गई और विस्तार से चर्चा हुई। "कोई भी एंगल में बचाव का मौका नहीं छोड़ा जाएगा।"उन्होंने अपनी व्यक्तिगत राय साझा करते हुए कहा, "पहले तो मुझे भी गाना बहुत अच्छा लगा था, लेकिन बाद में बादशाह की लाइन सुनी तो गलत लगा। इस बात में कोई संकोच नहीं—गाना बहुत सुंदर है, यह हमारा पुराना लोकगीत है, लेकिन बीच में जो रेप वाली एंट्री है, वो गलत है।"

रेणु भाटिया ने विधानसभा सत्र के बाद मुख्यमंत्री से बात करने की भी योजना बताई ताकि आगे कोई भी गानों से हरियाणा की संस्कृति से छेड़छाड़ न कर सके। उन्होंने चेतावनी दी कि बेटियों का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और बादशाह को साफ स्पष्टीकरण देना होगा।

यह विवाद तब भड़का जब बादशाह के गाने में हरियाणवी लोक संस्कृति पर आधारित होने के बावजूद कुछ आपत्तिजनक लाइनों और स्कूल का जिक्र करने पर व्यापक विरोध हुआ। बादशाह ने माफी मांगी और गाना हटा लिया, लेकिन महिला आयोग अब सख्त कार्रवाई के मूड में है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static