करनाल में ACB का बड़ा एक्शन: 3 हजार की रिश्वत लेते हेड कांस्टेबल रंगे हाथ गिरफ्तार... दूसरा आरोपी मौका देखकर फरार

punjabkesari.in Thursday, Jul 30, 2026 - 11:46 AM (IST)

करनाल: शहर की सेक्टर नौ पुलिस चौकी में तैनात हेड कांस्टेबल संजीव कुमार को राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की टीम ने तीन हजार रूप की रिश्वत के साथ रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। हालांकि दूसरा आरोपी हेड कांस्टेबल महादेव मौके से भाग गया।

आरोपी मारपीट के मामले में पकड़ी स्कूटी को छोड़ने की एवज में चार हजार रुपये की मांग कर रहे थे। अब एसीबी की टीम दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है। एसीबी करनाल इकाई ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।

चार हजार रुपये की मांगी रिश्वत
एसीबी करनाल के डीएसपी सतीश कुमार ने बताया कि एसीबी की टीम को शिकायतकर्ता ने शिकायत दी थी कि उनके एक लड़ाई झगड़ा के मामले मे सेक्टर नौ पुलिस चौकी में स्कूटी खड़ी है। वहां कार्यरत पुलिस विभाग के हेड कांस्टेबल संजीव कुमार और महादेव स्कूटी छोड़ने की एवज में उनसे चार हजार रुपये की मांग कर रहे हैं। वह उनसे परेशान हो चुका है। अब आरोपी तीन हजार रुपये में स्कूटी छोड़ने के लिए सहमत हैं।  शिकायत के बाद एसीबी की ओर से टीम का गठन किया गया। इसके बाद शिकायतकर्ता को दिए गए नोटों के नंबर नोट किए गए। इसके अलावा नोटो कर केमिकल लगाकर दिया। 

 भनक लगते ही दूसरा आरोपी मौके से फरार
तय समय के अनुसार जैसे ही शिकायतकर्ता ने चौकी में जाकर आरोपी संजीव कुमार को तीन हजार रुपये की रिश्वत की राशि दी तो पहले से ताक में खड़ी एसीबी की टीम ने आरोपी को तीन हजार रुपये की रिश्वत के साथ   गिरफ्तार कर लिया। वहीं टीम के आने की भनक लगते ही दूसरा आरोपी हेड कांस्टेबल महादेव मौके से भाग गया। एसीबी ने दोनों के खिलाफ एसीबी करनाल थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। आरोपी को वीरवार को अदालत में पेश किया जाएगा। डीएसपी सतीश कुमार ने बताया मौके से भागे आरोपी महादेव की गिरफ्तारी के लिए एसीबी की टीम ने अलग टीम का गठन कर दिया है। अब एसीबी की एक टीम आरोपी की गिरफ्तारी के लिए उसका पीछा कर रही है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static