हरियाणा के 4 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, सिरसा-फतेहाबाद में घग्गर का रौद्र रूप, 6 जगह से टूटा बांध
punjabkesari.in Monday, Jul 17, 2023 - 10:16 AM (IST)

डेस्क : हरियाणा में आज से मानसून फिर एक्टिव हो गया है। चंडीगढ़ मौसम विभाग ने राज्य के सभी 22 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। उत्तर हरियाणा के चार जिले पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर और कुरुक्षेत्र में मौसम विभाग ने भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
बता दें कि हरियाणा के बाढ़ग्रस्त 12 जिलों में से 10 जिलों में नदियों, नहरों, नालों का जलस्तर कम हो रहा है। वहीं अभी घग्गर नदी दो जिलों में लगातार कहर बरपा रही है। सिरसा के मीरपुर व सहारणी के पास नदी का बांध तीन जगह से टूट गया। इससे 16 और गांवों की 5 हजार एकड़ फसल में पानी फैल गया। 48 घंटे में नदी का बांध 6 जगह से टूट चुका है। इससे कुल 24 गांवों की 8 हजार एकड़ से ज्यादा फसल डूब चुकी है।
जानें कौन से 12 जिले हुए बाढ़ से प्रभावित
हरियाणा के अंबाला, फतेहाबाद, फरीदाबाद, कैथल, करनाल, कुरुक्षेत्र, पानीपत, पंचकूला, पलवल, सिरसा, सोनीपत, यमुनानगर जिला बाढ़ से प्रभावित हैं। 5.50 लाख एकड़ से ज्यादा फसल खराब हुई है।
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)