Haryana Weather: पंचकूला, यमुनानगर और करनाल में बरसे झमाझम बादल, इन 6 जिलों में 70 KM की रफ्तार से तेज आंधी-बारिश का अलर्ट

punjabkesari.in Tuesday, May 12, 2026 - 11:00 AM (IST)

Haryana Weather : हरियाणा के पंचकूला, यमुनानगर और करनाल में मंगलवार सुबह तेज बारिश हुई। वहीं, पानीपत और सोनीपत के आसपास के क्षेत्रों में बादल छाए रहे। मौसम विज्ञान केंद्र, चंडीगढ़ ने महेंद्रगढ़, झज्जर, रोहतक, रेवाड़ी, पलवल और नूंह जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जतायी गई है। 

पिछले दो दिनों से मौसम में आए बदलाव के कारण प्रदेश के अधिकतम तापमान में औसतन 2.7 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है। सोमवार को हरियाणा का अधिकतम तापमान सामान्य से 2.7 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। सबसे अधिक तापमान रोहतक में 38.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉडर् किया गया। इसके बाद महेंद्रगढ़ में 38.1 डिग्री और हिसार में 37.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। भिवानी में तापमान में सबसे ज्यादा पांच डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। 

मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक प्रदेश में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में खराब मौसम की संभावना को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। वहीं, स्वास्थ्य विभाग ने भी लोगों से खान-पान का विशेष ध्यान रखने की अपील की है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static