गौवंश हत्या की घटनाओं से भारी तनाव; ग्रामीणों और गौ रक्षकों का उग्र प्रदर्शन...प्रशासन को 2 दिन का अल्टीमेटम
punjabkesari.in Wednesday, Mar 25, 2026 - 12:44 PM (IST)
इंद्री(मैनपाल) :करनाल के इंद्री क्षेत्र से पिछले कुछ दिनों से गौवंशों की हत्या और उनके अवशेष मिलने की घटनाओं ने पूरे इलाके में भय और आक्रोश का माहौल बना दिया था। लगातार तीन दिनों तक ऐसी घटनाएं सामने आने से ग्रामीणों में भारी नाराजगी थी और स्थिति बेहद संवेदनशील हो गई थी।
इन घटनाओं के बाद गौ रक्षा दल, विभिन्न सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे। लोगों ने प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दो दिन का अल्टीमेटम भी दिया। माहौल गुस्से और तनाव से भरा हुआ था।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए करनाल पुलिस की सीआईए-1 शाखा ने तुरंत कार्रवाई करते हुए जांच तेज कर दी। सीसीटीवी फुटेज और गुप्त सूत्रों की मदद से पुलिस टीम ने उत्तर प्रदेश में दबिश देकर तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। पकड़े गए आरोपियों की पहचान आज़म, नवाब और शहजाद के रूप में हुई है, नवाब और शहजाद आपस में सगे भाई बताए जा रहे हैं। प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी रास्ते से गौवंशों को उठाकर उनकी हत्या करते थे, उनके अंगों को नहर में फेंक देते थे और मांस को बेचकर अवैध कमाई करते थे।
सीआईए-1 शाखा के प्रभारी संदीप के अनुसार, तीनों आरोपियों को 4 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि इस पूरे नेटवर्क के तार पानीपत से जुड़े हो सकते हैं। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह में और कौन-कौन शामिल है और यह नेटवर्क कहां तक फैला हुआ है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद जहां एक ओर लोगों में कुछ राहत की भावना है, वहीं दूसरी ओर पूरे मामले की गहराई से जांच जारी है। आने वाले दिनों में इस रैकेट से जुड़े और भी बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।