NH-48 पर अचानक दौड़ने लगा 11 हजार वोल्ट का करंट, मची अफरातफरी, 5 KM से लंबा जाम
punjabkesari.in Saturday, Jul 18, 2026 - 05:48 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): शनिवार दोपहर को दिल्ली जयपुर NH-48 पर उस वक्त अफरातफरी मच गई जब नरसिंहपुर के पास 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन तार टूटकर गिर गई। इस दौरान कई गाड़ियां नीचे से गुजर रही थी, लेकिन गनीमत यह रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। सूचना मिलते ही ट्रैफिक पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रैफिक रूट को डायवर्ट करा दिया। जब तक हाईटेंशन तार को हाइवे से हटाया जाता तब तक यहां दोनों ओर 5 किलोमीटर से भी लंबा जाम लग गया।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
दरअसल, पुलिस की मानें तो दोपहर को हुई इस घटना के कारण वाहन चालकों को परेशानी हुई। करंट की चपेट में कोई न आ जाए, ऐसे में वाहनों को पहले ही रोक दिया गया और हाइवे पर दोनों ओर ट्रैफिक रूट को डायवर्ट कर दिया गया। दिल्ली से मानेसर की ओर जाने वाले वाहनों को राजीव चौक व हीरो होंडा चौक के जरिए आगे भेजा गया। वहीं, मानेसर से दिल्ली की ओर जाने वाले वाहनों को द्वारका एक्सप्रेसवे तथा एसपीआर के रास्ते आगे भेजा गया। इस दौरान दोनों ओर जाम करीब 5 किलोमीटर तक फैल गया।
हाईटेंशन तार टूटने की सूचना मिलते ही हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम लिमेटेड के अधिकारी हरकत में आ गए और तुरंत ही लाइन से करंट बंद करने के साथ ही तार को हटवाया गया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद यहां से तार को हटवाया गया जिसके बाद ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त कर दी गई।