NH-48 पर डंपर ने Zepto डिलीवरी बॉय को कुचला, पुलिस और एंबुलेंस देरी से आई तो डिलीवरी पार्टनर्स ने लगाया जाम

punjabkesari.in Thursday, Jul 16, 2026 - 02:05 PM (IST)

गुड़गांव, (ब्यूरो): खेड़कीदौला टोल प्लाजा के पास आज सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। ऑर्डर डिलीवरी देने जा रहे Zepto के डिलीवरी बॉय को एक डंपर ने कुचल दिया। सूचना मिलते ही Zepto के डिलीवरी पार्टनर्स मौके पर एकत्र होने लगे। वहीं, सूचना मिलने के बाद देरी से पहुंची पुलिस व एंबुलेंस को लेकर डिलीवरी पार्टनर्स में रोष देखने को मिला जिसके कारण उन्होंने दिल्ली-जयपुर एक्सप्रेसवे पर जाम लगा दिया। काफी मशक्कत के बाद डिलीवरी पार्टनर्स ने जाम खोला और पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, डंपर चालक मौके पर ही डंपर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने डंपर को भी कब्जे में ले लिया है।

गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक  https://www.facebook.com/KesariGurugram  पर क्लिक करें।

 

पुलिस के मुताबिक, मूल रूप से अयोध्या उत्तर प्रदेश निवासी 26 वर्षीय अनिल पिछले दो साल से गुड़गांव में रहकर Zepto में डिलीवरी बॉय का काम कर रहा है। आज सुबह वह एक ऑर्डर लेकर जा रहा था। जब वह खेड़कीदौला टोल प्लाजा के नजदीक पहुंचा तो एक डंपर ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही अनिल नीचे गिर गया और डंपर के अगले टायर की चपेट में आ गया जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। 

 

सूचना मिलते ही डिलीवरी पार्टनर्स मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी। आरोप है कि पुलिस ने मौके पर पहुंचने में समय लगा दिया और एंबुलेंस को आने में भी समय लग गया जिससे लोगों में गुस्सा देखने को मिला। आरोप है कि चंद कदमों की दूरी पर ही खेड़कीदौला टोल प्लाजा है जहां हर वक्त एंबुलेंस रहती है, लेकिन चंद कदमों की दूरी पर एंबुलेंस नहीं आई। इस पर लोगों ने हंगामा कर दिया। हंगामा कर रहे लोगों को पुलिस ने शांत कराया और जाम खुलवाया जिसके बाद पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में खेड़कीदौला थाना पुलिस जांच कर रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pawan Kumar Sethi

Related News

static