सोनीपत में हाई वोल्टेज ड्रामा ! अचानक 250 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ा युवक, जानिए पूरा मामला...
punjabkesari.in Tuesday, Mar 24, 2026 - 07:18 PM (IST)
सोनीपत (सन्नी मलिक) : सोनीपत के गांव असावरपुर में हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) की कार्रवाई के दौरान सोमवार को बड़ा हंगामा हो गया। बुलडोजर के साथ पहुंची टीम द्वारा एक मकान और स्कूल के कई कमरों को गिराए जाने के विरोध में गांव का ही सुनील नाम का युवक 250 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया और नीचे कूदकर जान देने की धमकी दे दी। स्थिति बिगड़ने पर प्रशासन को कार्रवाई रोकनी पड़ी।
घटना के दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। टावर पर बैठा सुनील लगातार प्रशासनिक कार्रवाई का विरोध करता रहा और जमीन व मकान का उचित मुआवजा देने की मांग रखी। उसका कहना है कि जब तक मुआवजे की मांग पूरी नहीं होती, वह टावर से नीचे नहीं उतरेगा और विरोध जारी रखेगा।

सुनील के परिजनों का आरोप है कि करीब 20 साल से इस जगह पर गरीब परिवारों के बच्चों के लिए स्कूल चल रहा है और यह जमीन किसी रास्ते में भी नहीं आती। परिजनों के मुताबिक, जब उन्होंने कार्रवाई से संबंधित कागजात दिखाने को कहा तो उन्हें कोई दस्तावेज नहीं दिखाए गए और बिना संतोषजनक जानकारी दिए ही मकान और स्कूल के कमरों को तोड़ने का काम शुरू कर दिया गया।
परिजनों ने इसे गलत करार देते हुए मांग की है कि उन्हें उचित मुआवजा दिया जाए और जब तक उनके लिए वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की जाती, तब तक मकान को तोड़ने की कार्रवाई रोकी जाए। उन्होंने बताया कि संबंधित जमीन को लेकर मुकदमा कोर्ट में भी विचाराधीन है। परिवार का कहना है कि इन्हीं मांगों के समर्थन में सुनील मोबाइल टावर पर चढ़ा है और प्रशासन से लिखित आश्वासन मिलने तक नीचे नहीं आएगा उठे।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)