Haryana: बहादुरगढ़ में हिमाचल की महिलाओं के उत्पादों की धूम, कंगना रनौत भी हर्बल ब्यूटी प्रोडक्ट्स की मुरीद
punjabkesari.in Friday, Oct 10, 2025 - 04:42 PM (IST)

बहादुरगढ़ (प्रवीण कुमार धनखड़) : बहादुरगढ़ के सेक्टर 6 में चल रहे नाबार्ड नेशनल आर्ट एंड कल्चर उत्सव एवं प्रदर्शनी में हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले की महिलाएं अपने स्वयं सहायता समूह द्वारा बनाए गए उत्पाद लेकर पहुंची हैं, जिन्हें लोगों द्वारा खूब सराहा जा रहा है। कांगड़ा की ये महिलाएं चीड़ की पत्तियों से बने सुंदर बैग, हर्बल ब्यूटी प्रोडक्ट्स (जैसे साबुन, शैंपू, क्रीम, लोशन), पारंपरिक मसाले और मिठाइयां लेकर आई हैं। इन उत्पादों को महिलाओं ने घर पर प्रशिक्षण लेकर बनाया है और अब ये देशभर में ऑनलाइन व ऑफलाइन बेचे जा रहे हैं।
कांगड़ा की एक महिला ने बताया कि फिल्म अभिनेत्री और हिमाचल की सांसद कंगना रनौत भी उनके हर्बल ब्यूटी प्रोडक्ट्स की मुरीद हैं। महिलाओं ने बताया कि पहले वे घरेलू स्तर पर ये उत्पाद बनाती थीं, जिन्हें लोगों ने खूब पसंद किया। अब वे स्वयं सहायता समूह के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर उत्पादन कर मुनाफा कमा रही हैं, जिससे उनके जीवन में काफी सुधार हुआ है।
हिमाचल की ये महिलाएं स्वावलंबन की मिसाल हैं और देशभर की महिलाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन रही हैं।