Hisar Court Shootout: फरार दूसरा आरोपी अजय गिरफ्तार, विनोद पानू हत्याकांड में पुलिस की बड़ी कार्रवाई
punjabkesari.in Saturday, Aug 22, 2026 - 07:33 PM (IST)
हिसार (विनोद): हिसार कोर्ट परिसर की पार्किंग में हुई फायरिंग के मामले में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मौके से फरार हुए दूसरे आरोपी अजय को काबू कर लिया है। बताया जा रहा है कि कोर्ट परिसर की पार्किंग में हुई फायरिंग के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने मामले की जांच को आगे बढ़ाते हुए कार्रवाई करते हुए अजय को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि नियमानुसार आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

बता दें कि हिसार कोर्ट परिसर में गुरुवार दोपहर दिनदहाड़े गैंगस्टर विनोद पानू उर्फ काणा की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस जांच कर रही थी। इस बीच पुलिस अजीत पहलवान गैंग की ओर बढ़ रही थी। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, विनोद पानू और अजीत पहलवान दोनों नारनौंद के गांव थुराना के रहने वाले हैं और वर्ष 2008 से दोनों के बीच वर्चस्व को लेकर रंजिश चली आ रही थी। इसी गैंगवार में विनोद पानू की एक आंख भी चली गई थी, जिसके बाद उसे काणा के नाम से जाना जाने लगा।
सूत्रों के मुताबिक, विनोद पानू को पहले से हमले का डर था। इसी वजह से वह अपनी लग्जरी गाड़ी को कोर्ट परिसर के अंदर ले जाना चाहता था, लेकिन सुरक्षा कर्मियों ने गाड़ी को अंदर जाने से रोक दिया। इसके बाद जब वह पैदल कोर्ट परिसर में जा रहा था, तभी घात लगाकर बैठे दो नकाबपोश हमलावरों ने उस पर फायरिंग कर दी थी।
14 राउंड फायरिंग, काणा को करीब 10 गोलियां लगीं
गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे हुई वारदात में हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की। गोलीबारी में विनोद पानू के अलावा उसके दो साथी रविंद्र और योगेश भी घायल हुए। घटनास्थल से पुलिस ने गोलियों के 14 खोल बरामद किए हैं। बताया गया है कि इनमें करीब 10 गोलियां विनोद पानू को लगीं।
फायरिंग के बाद कोर्ट परिसर में भगदड़ मच गई। इसी दौरान हमलावर भागने लगे। पानू के साथियों ने पीछा कर एक आरोपी को पकड़ लिया। आरोपी ने भागते समय दोबारा गोली चलाई, जो पानू के एक साथी की जांघ में लगी। इसके बावजूद साथियों ने उसे पकड़ लिया।
हिसार एसपी सिद्धांत जैन के अनुसार, विनोद पानू उर्फ काणा के खिलाफ विभिन्न धाराओं में 31 आपराधिक मामले दर्ज थे, जिनमें हत्या, हत्या के प्रयास और लूट जैसे मामले शामिल हैं। पुलिस ने वारदात में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसकी पहचान राकेश पुत्र बलराज, निवासी गांव खरड़ के रूप में हुई है।
शुरुआती जांच में राकेश पर 7 आपराधिक मामले दर्ज होने की बात सामने आई है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और उसके दूसरे साथी की तलाश जारी थी। जिसे पुलिस ने आज पकड़ लिया है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ और जांच के बाद हत्या के पीछे की पूरी साजिश और आरोपियों की भूमिका का जल्द खुलासा किया जाएगा।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)