Hitesh Murder Case : हितेश हत्याकांड की रोहित गोदारा गैंग ने ली जिम्मेदारी...वायरल पोस्ट से हाई अलर्ट पर पुलिस
punjabkesari.in Sunday, May 17, 2026 - 05:06 PM (IST)
हरियाणा डेस्क : हरियाणा के झज्जर जिले के सुबाना गांव में हितेश उर्फ 'गोलू' की हाई-प्रोफाइल हत्या के मामले में अब बड़ा खुलासा हुआ है। हत्या के मामले में अब गैंग-वॉर का एंगल साफ तौर पर सामने आता दिख रहा है। हितेश की हत्या के बाद सोशल मीडिया पर वायरल हुई एक पोस्ट ने पूरे इलाके में सनसनी मचा दी है।
बता दें कि हितेश हत्याकांड की जिम्मेदारी रोहित गोदारा गैंग ने ली है। रोहित गोदारा ग्रुप" नाम के एक अकाउंट से फेसबुक पर अपलोड की गई एक पोस्ट में कुख्यात रोहित गोदारा गैंग ने इस हत्या की जिम्मेदारी ली है, जिससे पुलिस अलर्ट मोड पर आ गई है।
पोस्ट में कहा गया है कि हितेश (गोलू) ने पहले उनके साथी प्रदीप और उसके भाई 'फौजी' पर गोलियां चलाई थीं। कथित तौर पर इसी का बदला लेने के लिए यह अपराध किया गया। पोस्ट में दावा किया गया है कि उनके साथियों ने खुद हितेश को मौत के घाट उतारा।

मामले की गंभीरता को देखते हुए, झज्जर पुलिस और साइबर सेल को हाई-अलर्ट पर रखा गया है। पुलिस अभी इस बात की जाँच कर रही है कि सोशल मीडिया पर वायरल हुआ पोस्ट सचमुच रोहित गोदारा गैंग से जुड़े किसी सदस्य ने अपलोड किया था, या फिर यह किसी फर्ज़ी अकाउंट का इस्तेमाल करके माहौल बिगाड़ने की कोशिश थी।
क्या था मामला
बता दें कि झज्जर के सुबाना गांव में देर रात करीब 10:30 बजे हुए नृशंस हत्याकांड ने पूरे इलाके को दहला दिया था। घर के बाहर खड़े एक शख्स को गोलियों से भून दिया था। मृतक शख्स की पहचान हितेश के रुप में हुई है। घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि यहां बोलेरो गाड़ी में सवार होकर तीन-चार युवक आए और 20 से अधिक राउंड फायर किए गए।
हितेश पर अंधाधुंध गोलियों की बौछार करके मौके से फरार हो गए। वहीं हितेश खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर गया और मौके दम तोड़ दिया। वहीं सरेआम हुई इस घटना को देख लोगों की रुह कांप गई।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)