नूंह में पोस्टिंग बदलवाने के नाम पर रिश्वत लेते होमगार्ड गिरफ्तार, घूस की दूसरी किश्त लेते ही ACB ने दबोचा

punjabkesari.in Friday, Oct 09, 2026 - 08:33 AM (IST)

नूंह (अनिल मोहनिया) : पलवल से नूंह और नूंह से पलवल तबादला करवाने के नाम पर रिश्वत मांगने के मामले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) भिवानी ने नूंह पुलिस लाइन में ट्रैप कार्रवाई की। ACB ने 4 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए होमगार्ड अनीश को रंगे हाथों पकड़ा। 

वहीं मामले में सब इंस्पेक्टर विक्रम को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। एक इंस्पेक्टर से भी पूछताछ जारी बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, एक होमगार्ड ने जिला पलवल से नूंह तबादला करवाने के लिए संपर्क किया था। आरोप है कि तबादले की प्रक्रिया में मदद करने के नाम पर उससे कुल 7 हजार रुपये की मांग की गई। शिकायतकर्ता 3 हजार रुपये पहले ही दे चुका था। इसके बाद उससे बाकी 4 हजार रुपये देने की मांग की गई।

शिकायत मिलने के बाद ACB भिवानी ने मामले की जांच शुरू की और रिश्वत की रकम लेते हुए आरोपियों को पकड़ने के लिए ट्रैप तैयार किया। इंस्पेक्टर जगजीत सिंह, इंचार्ज भिवानी की अगुवाई में टीम नूंह पहुंची। शिकायतकर्ता को बाकी 4 हजार रुपये दिए गए और उसे आरोपियों के पास भेजा गया। पुलिस लाइन नूंह में जैसे ही रिश्वत की रकम लेने की कार्रवाई हुई, ACB टीम ने मौके पर दबिश देकर होमगार्ड अनीश को पकड़ लिया। मामले में सब इंस्पेक्टर विक्रम को भी हिरासत में लिया गया है। कार्रवाई के बाद दोनों से पूछताछ शुरू कर दी गई।

ACB अब यह पता लगाने में जुटी है कि तबादले के नाम पर मांगी गई रकम की मांग किस स्तर पर तय हुई थी और इसमें कौन-कौन लोग शामिल थे। मामले में एक इंस्पेक्टर से पूछताछ किए जाने की भी जानकारी सामने आई है। जांच एजेंसी तबादले से जुड़े दस्तावेजों और आरोपियों के बीच हुए लेन-देन की भी जांच कर रही है। पुलिस लाइन में ACB की कार्रवाई के बाद महकमे में हड़कंप मच गया। फिलहाल मामले की जांच जारी है। ACB अधिकारियों का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static