रेहड़ी लगाने की ऐवज में 10 हजार रुपए ले रहा था मार्केट कमेटी का सचिव, एंटी करप्शन टीम ने रंगे हाथ पकड़ा

punjabkesari.in Saturday, Oct 03, 2026 - 09:29 PM (IST)

गुड़गांव, (ब्यूरो): एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) गुरुग्राम की टीम ने शनिवार दोपहर खांडसा अनाज मंडी में ट्रैप लगाकर मार्केट कमेटी के सहायक सचिव को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान सुखबीर सिंह के रूप में हुई है। एसीबी ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत गुरुग्राम थाने में मामला दर्ज कर जांच में जुट गई है।

गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक  https://www.facebook.com/KesariGurugram  पर क्लिक करें।

 

एसीबी से मिली जानकारी के मुताबिक मंडी के एक स्थानीय दुकानदार ने शिकायत दर्ज कराई थी कि खांडसा मंडी में दुकान लगाने के एवज में सहायक सचिव सुखबीर सिंह उससे प्रति माह 10 हजार रुपये की रिश्वत की मांग कर रहा था। मना करने पर आरोपी उसे लगातार परेशान कर रहा था। शिकायत का सत्यापन करने के बाद एसीबी की टीम ने ट्रैप बिछाया और शनिवार दोपहर आरोपी को रिश्वत की रकम लेते हुए रंगे हाथों खांडसार मंडी के कार्यालय से गिरफ्तार कर लिया।  

 

एसीबी की एसपी ममता खरब ने बताया कि आरोपी के पास से रिश्वत के 10 हजार रुपये बरामद कर लिए गए हैं। उसके खिलाफ गुरुग्राम स्थित एसीबी थाने में भ्रष्टाचार अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपी सुखबीर सिंह को रविवार को अदालत में पेश किया जाएगा। एसीबी अधिकारियों का कहना है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ यह कार्रवाई आगे भी सख्ती से जारी रहेगी।

 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pawan Kumar Sethi

Related News

static