माननीय प्रधानमंत्री जी, जींद में आए तो मेडिकल कॉलेज में OPD शुरू करवा कर जाएं : दुष्यंत चौटाला
punjabkesari.in Thursday, Jul 09, 2026 - 07:13 PM (IST)
चंडीगढ़ : देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जींद दौरे को लेकर हरियाणा के पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने प्रदेश हित में कई प्रमुख मांगे रखी है। उन्होंने कहा कि पीएम को पूर्व गठबंधन सरकार द्वारा बनाए गए जींद के मेडिकल कॉलेज में जल्द ओपीडी शुरू करवानी चाहिए और वहां डॉक्टरों की नियुक्तियां भी हो।
दुष्यंत चौटाला ने कहा कि पीएम उचाना में 25 एकड़ में बनने वाले फायर सेफ्टी कॉलेज का भूमि पूजन करके जाएं और हिसार एयरपोर्ट में बनने वाले मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर की नींव रखे। वहीं प्रधानमंत्री गांव चौटाला से पानीपत तक बनने वाले ग्रीन फील्ड हाईवे की सौगात प्रदेशवासियों को देकर जाएं। वीरवार को दुष्यंत चौटाला उचाना में आयोजित जेजेपी कार्यकर्ताओं की बैठक के उपरांत पत्रकारों से रूबरू थे।
इससे पहले पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने उचाना हलके के जेजेपी के बीएलए-2 की बैठक ली। दुष्यंत चौटाला ने संबोधित करते हुए कहा कि कोई वोट छूटे ना, सही वोट कटे ना, फर्जी वोट रहे ना। उन्होंने कहा कि एसआईआर के दौरान जेजेपी के सभी बूथ लेवल एजेंट सक्रिय होकर प्रशासन के साथ अपने-अपने वार्डों और बूथों में वोटों पर पूरी निगरानी रखें।

दुष्यंत चौटाला ने कहा कि जब आपका बूथ मजबूत होगा, तभी आपका गांव मजबूत होगा, जब गांव मजबूत होगा तो हलका मजबूत होगा और तभी प्रदेश में आपकी पार्टी मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता घर-घर जाकर पार्टी का प्रचार-प्रसार करें और ज्यादा से ज्यादा लोगों को पार्टी के साथ जोड़ें।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए दुष्यंत चौटाला ने ये भी कहा कि राम मंदिर के बाद कई अन्य मंदिरों में कथित अनियमिताओं की खबरें रोजाना सामने आ रही है और इसको लेकर उन्होंने मुख्यमंत्री को भी पत्र लिखा है। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि माता शीतला देवी और माता मनसा देवी मंदिर श्राइन बोर्ड के अधीन है और इनके चेयरमैन सीएम है इसलिए मंदिरों के चढ़ावे की केंद्रीय जांच एजेंसी से जांच करवानी चाहिए।
उचाना पहुंचने पर जेजेपी कार्यकर्ताओं द्वारा दुष्यंत चौटाला का जोरदार स्वागत किया गया। इस अवसर पर जेजेपी प्रदेश अध्यक्ष बृज शर्मा, पूर्व चेयरमैन राजेंद्र लितानी, पूर्व विधायक अमरजीत ढांडा, रामकुमार कटवाल, जिला अध्यक्ष जोरा सिंह, हलका अध्यक्ष वीरेंद्र कौशिक, स्थानीय बीएलए-1 बलवान थुआ आदि मौजूद रहे।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)