राज्यसभा चुनाव: विधायकों की खरीद फरोख्त को लेकर राज्यपाल से मिलेंगे हुड्डा, प्रेस कॉन्फ्रेंस भी करेंगे
punjabkesari.in Thursday, Mar 19, 2026 - 08:30 AM (IST)
चंडीगढ़ : हरियाणा के राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस ने भले ही एक सीट पर जीत दर्ज कर ली हो, लेकिन इस जीत के पीछे पार्टी के भीतर की गहरी दरारें भी उजागर हो गईं। विधायकों की खरीद फरोख्त को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा आज राज्यपाल प्रो. असीम घोष से मुलाकात करेंगे। उनके साथ कांग्रेस विधायक भी राज्यपाल से मिलने राजभवन जाएंगे।
भूपेंद्र सिंह हुड्डा का आरोप है कि भाजपा ने राज्यसभा के चुनाव में अपने समर्थन से निर्दलीय उम्मीदवार सतीश नांदल को चुनाव मैदान में उतारा है, जबकि नांदल हरियाणा भाजपा के उपाध्यक्ष हैं। हुड्डा विधानसभा में भी कह चुके हैं कि राज्यसभा के चुनाव में भाजपा ने कांग्रेस विधायकों को खरीदा। कई विधायक भाजपा के दबाव में नहीं आए, जबकि कांग्रेस विधायकों के कई वोट योजनाबद्ध तरीके से निरस्त किए गए हैं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सदन में ही भूपेंद्र सिंह हुड्डा के इन सभी आरोपों को खारिज कर चुके हैं। उनका कहना है कि भाजपा ने अपने सिर्फ एक उम्मीदवार संजय भाटिया को चुनाव मैदान में उतारा था और वे चुनाव जीत गए हैं। उन्होंने कहा कि सतीश नांदल निर्दलीय उम्मीदवार थे। किसी को भी चुनाव लड़ने और वोट मांगने का अधिकार है। सतीश नांदल निर्दलीय चुनाव लड़े और हमसे वोट मांगे। उन्होंने कांग्रेस विधायकों से भी वोट मांगे। ऐसे में वोटों की खरीद फरोख्त के आरोप बेबुनियाद हैं।