भयानक एक्सीडेंट...पानीपत में कार की टक्कर से ओवरब्रिज से नीचे गिरकर कारोबारी की मौत...मंजर देख दहले लोग

punjabkesari.in Wednesday, Aug 05, 2026 - 01:49 PM (IST)

पानीपत (सचिन शर्मा) : पानीपत में देर रात जाट्टल रोड ओवरब्रिज पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हादसा इतना भयानक था कि तेज रफ्तार कार की टक्कर लगने के बाद स्कूटी सवार हैंडलूम कारोबारी संजीव ग्रोवर हवा में उछलकर ओवरब्रिज से नीचे जमीन पर जा गिरे। हादसे में संजीव ग्रोवर की मौके पर ही मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि देर रात संजीव ग्रोवर स्कूटी पर सवार होकर जाट्टल रोड ओवरब्रिज से गुजर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कारोबारी हवा में उछलकर ओवरब्रिज से नीचे जा गिरे। जमीन पर गिरने के बाद उन्हें गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

PunjabKesari

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। टक्कर के बाद कार भी पलट गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के बाद कार चालक गाड़ी की छत पर बैठा रहा और घटनास्थल पर मौजूद लोग उसे देखते रहे।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसा तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण हुआ या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी, पुलिस इसकी जांच कर रही है।

बता दें कि कारोबारी संजीव ग्रोवर की मौत की खबर से परिवार में मातम पसर गया। पुलिस हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच में जुटी है।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)                


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Krishan Rana

Related News

static