CMIE Report: देश में बेरोजगारी दर में जबरदस्त उछाल, हरियाणा में सबसे अधिक लोगों ने गंवाई नौकरियां

punjabkesari.in Friday, Sep 02, 2022 - 02:40 PM (IST)

डेस्क:  देश में बेरोजगारी दर अगस्त में एक साल के उच्चस्तर 8.3 प्रतिशत पर पहुंच गयी। इस दौरान रोजगार पिछले महीने की तुलना में 20 लाख घटकर 39.46 करोड़ रह गया। सेंटर फॉर मॉनिटरिंग इंडियन इकनॉमी (सीएमआईई) के आंकड़ों के अनुसार, जुलाई में बेरोजगारी दर 6.8 प्रतिशत थी तथा रोजगार 39.7 करोड़ था।  सीएमआईई की रिपोर्ट के मुताबिक हरियाणा 37.3 प्रतिशत की बेरोजगार दर के साथ सबसे खराब स्थिति में हैं। इसके बाद जम्मू-कश्मीर 32 फीसदी और राजस्थान 31 प्रतिशत का नंबर आता है. झारखंड में 17.3 और त्रिपुरा में 16.3 फीसदी लोग बेरोजगार हैं।  

सीएमआईई के प्रबंध निदेशक महेश व्यास  ने बताया अनियमित वर्षा ने बुवाई गतिविधियों को प्रभावित किया और यह ग्रामीण भारत में बेरोजगारी बढ़ने का एक कारण है. देश के ग्रामीण क्षेत्रों में बेरोजगारी दर जुलाई में 6.1 प्रतिशत से बढ़कर अगस्त में 7.7 प्रतिशत हो गई। इससे भी महत्वपूर्ण बात यह है कि रोजगार दर 37.6 प्रतिशत से गिरकर 37.3 प्रतिशत पर आ गई। महेश व्यास ने कहा, ‘‘आगे जाकर ग्रामीण बेरोजगारी दर में कमी आ सकती है क्योंकि मानसून में देरी से मानसून के अंत में कृषि गतिविधियों में वृद्धि होगी,  हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि आने वाले महीनों में शहरी बेरोजगारी दर कैसी होगी. वर्तमान में, यह काफी अधिक बनी हुई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static