कोटला झील में प्रवासी पक्षियों का शिकार, वन्य जीव विभाग ने कराया 23 पर केस दर्ज

punjabkesari.in Friday, Mar 28, 2025 - 09:55 PM (IST)

गुड़गांव / फिरोजपुरझिरका, (ब्यूरो): नूंह जिले की कोटला झील में प्रवासी पक्षियों का अवैध शिकार करने और उन्हें बेचने के मामले में वन्य जीव विभाग की टीम ने भंडाफोड़ करते हुए 23 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया है। आकेड़ा थाना पुलिस ने इनके खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरु कर दी।

गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर टच करें।

 

वन्य जीव विभाग के मुताबिक कोटला झील क्षेत्र में मार्च-अप्रैल के महीने में भारी संख्या में प्रवासी पक्षी आते हैं। इसी दौरान इनका शिकार करने वाले लोग भी सक्रिय हो जाते हैं। शिकारी जाल बिछाकर इन पक्षियों को पकड़ते हैं। विभाग को इस अवैध गतिविधि की जानकारी तब मिली जब एक स्थानीय पक्षी प्रेमी ने जिला उपायुक्त के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई।

 

शिकायत के आधार पर वन्य जीव विभाग की टीम ने मौके पर जाकर निरीक्षण किया। अधिकारियों को एक शिकारी पक्षियां पकड़ते हुए भी नजर आया। जिसने दो पक्षियों को मार दिया था। टीम को वहां पक्षियों को पकड़ने के सबूत मिले, जिसके बाद विभाग ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। वन मंडल अधिकारी राम कुमार जांगड़ा का कहना है कि स्थानीय लोगों को प्रवासी पक्षियों की अहमियत और उनके संरक्षण के महत्व के बारे में जानकारी नहीं है। कई शिकारी इन्हें पकड़कर स्थानीय बाजारों में बेच देते हैं। जो कानूनन अपराध है। फिलहाल वन्य जीव निरीक्षक राजेंद्र कुमार की शिकायत पर आकेड़ा गांव के तैयब, मोंटी, सनी, शब्बीर, उस्मान सहित 23 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। विभागीय अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि अगर वे इस तरह की किसी भी अवैध गतिविधि के बारे में जानकारी रखते हैं तो तुरंत पुलिस या वन्य जीव विभाग को सूचित करें। इस तरह की अवैध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है ताकि प्रवासी पक्षियों को सुरक्षित रखा जा सके।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pawan Kumar Sethi

Related News

static