देश में प्राकृतिक खेती का मॉडल तैयार करेंगे आई.सी.ए.आर. और कृषि संस्थान : कैलाश
punjabkesari.in Friday, Sep 16, 2022 - 09:28 AM (IST)

कुरुक्षेत्र : केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री कैलाश चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन को साकार करने तथा देश के प्रत्येक किसान को आत्मनिर्भर बनाने के उदेश्य से देश में आई.सी.ए.आर. (इंडियन काऊंसिल ऑफ एग्रीकल्चरल रिसर्च) और कृषि संस्थानों के माध्यम से प्राकृतिक खेती का रोल मॉडल तैयार किया जाएगा।
इस प्राकृतिक खेती के रोल मॉडल को पूरा विश्व देखेगा। इस खेती का आधार और मुख्य शोध केंद्र गुरुकुल कुरुक्षेत्र रहेगा। इस प्राकृतिक खेती को अपनाने और शोध करने के लिए देश के 425 कृषि विज्ञान केंद्रों व 20 बड़े कृषि संस्थानों के 25 फीसदी भूमि पर प्रयोग किया जाएगा। इतना ही नहीं देश में स्कूलों, कालेजों और विश्वविद्यालयों में तीसरी कक्षा से लेकर पीएच.डी. तक प्राकृतिक खेती पर पाठयक्रम तैयार करने के लिए एक कमेटी का भी गठन कर दिया गया है। इस कमेटी की रिपोर्ट आने के तुरंत बाद प्राकृतिक खेती विषय को पाठ्यक्रम में शामिल कर लिया जाएगा। केंद्रीय राज्य कृषि मंत्री कैलाश चौधरी वीरवार को गांव कैंथला में गुरुकुल कुरुक्षेत्र की करीब 180 एकड़ प्राकृतिक खेती का अवलोकन करने के उपरांत पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।