Haryana के विद्यार्थियों के लिए जरूरी खबर; शिक्षा विभाग ने 9वीं और 12वीं में दाखिलों की अंतिम तिथि बढ़ाई...फटाफट करें चैक

punjabkesari.in Thursday, Aug 06, 2026 - 09:13 PM (IST)

चंडीगढ़ (चन्द्र शेखर धरणी): हरियाणा शिक्षा विभाग ने 9वीं और 12वीं कक्षा में प्रवेश लेने से वंचित रह गए विद्यार्थियों को बड़ी राहत देते हुए दाखिले की अंतिम तिथि 31 अगस्त तक बढ़ा दी है। अब हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (भिवानी) से संबद्ध सरकारी और निजी विद्यालयों में विद्यार्थी निर्धारित अवधि तक प्रवेश ले सकेंगे। इस संबंध में सेकेंडरी शिक्षा महानिदेशक ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए हैं।

प्रवेश अवधि बढ़ाने का निर्णय हरियाणा स्कूल लेक्चरर एसोसिएशन (हसला) की मांग पर लिया गया है। एसोसिएशन ने शिक्षा विभाग को भेजे ज्ञापन में बताया था कि अनेक विद्यार्थी विभिन्न कारणों से समय पर दाखिला नहीं ले पाए, लेकिन वे अब भी प्रवेश के इच्छुक हैं और उनके अभिभावक लगातार स्कूलों से संपर्क कर रहे हैं।

शिक्षा विभाग ने जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने अधिकार क्षेत्र के सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करें, ताकि प्रवेश के इच्छुक किसी भी पात्र विद्यार्थी का दाखिला 31 अगस्त तक सुनिश्चित किया जा सके।
विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों में प्रवेश की प्रक्रिया केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरी की जाएगी।

हसला के प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सिंधु ने शिक्षा विभाग के इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि इससे उन विद्यार्थियों को सबसे अधिक लाभ मिलेगा, जो किसी कारणवश निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रवेश नहीं ले पाए थे। उन्होंने कहा कि इस फैसले से विद्यालयों में नामांकन बढ़ेगा और अधिक से अधिक विद्यार्थियों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने में मदद मिलेगी।

 

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें) 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Krishan Rana

Related News

static