हरियाणा में राेजाना 67 घरों में चोरी, 3 की हत्या, 11 का होता है अपहरण और 5 महिलाओं से दुष्कर्म

punjabkesari.in Tuesday, Feb 25, 2020 - 05:04 PM (IST)

चंडीगढ़: हरियाणा में क्राइम का ग्राफ दिन प्रतिदिन बढ़ता ही जा रहा है। यहां रोजाना चोर औसतन 67 घरों को निशाना बना रहे हैं। वर्ष 2019 में प्रदेश में चोरी की 24532 घटनाएं हुई हैं। लूट की घटनाएं भी कम नहीं हो रही। वर्ष 2019 में लूट की 1359 घटनाओं को अंजाम दिया गया है, इनमें पिछले साल की अपेक्षा 4.62 फीसदी बढ़ोत्तरी हुई है। औसतन रोज 3 से 4 लूट हो रही हैं। 3 लोगों को रोजाना औसतन मौत के घाट उतारा जा रहा है। जबकि सार्वजनिक हिंसा के भी 4000 से अधिक मामले सालभर में हो रहे हैं।

महिलाओं के प्रति क्रूरता में बढ़ोत्तरी हो रही है। रोजाना 13 से अधिक महिलाओं के साथ क्रूरता हो रही हैं। हालांकि पिछले 2 सालों की तुलना करें तो प्रदेश में डकैती, हत्या के प्रयास, अपहरण, चोरी सार्वजनिक हिंसा, छेडख़ानी के मामलों में कमी आई है। बजट सत्र के दौरान सरकार ने विधानसभा के पटल पर यह आंकड़े प्रस्तुत किए हैं। विधायक भारत भूषण बत्रा ने यह सवाल उठाया, इसके जवाब में गृह मंत्री अनिल विज ने यह जानकारी दी है।

3 बरस में 4278 लोगों की हत्या, रोजाना 3 कत्ल 
हरियाणा की भूमि खून से लाल हो रही है। पिछले 3 सालों में प्रदेश में हत्या के 4278 मामले सामने आए हैं। जबकि चौकाने वाली बात यह है कि वर्ष 2019 में हत्या के मामलों में 2.54 फीसदी बढ़ोत्तरी हुई है। वर्ष 2017 में प्रदेश में 1048, वर्ष 2018 में 1101 जबकि वर्ष 2019 में 1129 लोगों की हत्या की गई। औसतन प्रदेश में रोजाना 3 से अधिक हत्याओं को अंजाम दिया जा रहा है।

हर दूसरे दिन हो रही एक डकैती
प्रदेश में हर दूसरे दिन डकैती की वारदात भी हो रही है। वर्ष 2019 में हरियाणा में डकैती की 155 घटनाएं हुई हैं। जो वर्ष 2018 के 194 व वर्ष 2017 के 198 डकैती की वारदातों से भले ही कम हैं। पिछले साल डकैती की वारदात 39 कम हुई हैं, जबकि इसमें 20.10 फीसदी की कमी भी आई है।

अपहरण के आंकड़े भी चौकाने वाले
हरियाणा में अपहरण के मामले भी कम नहीं हैं। वर्ष 2019 पर नजर दौड़ाएं तो प्रदेश में अपहरण के 4026 मामले सामने आए हैं, यानी रोजाना करीब 11 लोगों का अपहरण हो रहा है। वर्ष 2017 में हरियाणा में 4364 लोगों का अपहरण हुआ था, जबकि वर्ष 2018 में 4720 घटनाएं हुई। अबकी बार इनमें 694 घटनाएं कम हुई हैं, जो 14.70 फीसदी कम हैं।

900 लोगों की हत्या का प्रयास
जहां प्रदेश में वर्ष 2019 में 1129 लोगों की हत्या हुई है। 900 लोगों की हत्या का प्रयास भी हुआ है। वर्ष 2018 में प्रदेश में 986 लोगों की हत्या का प्रयास किया गया, जबकि वर्ष 2017 में भी 956 लोगों की हत्या का प्रयास किया गया था। इसमें भी करीब 8.72त्न की कमी है।

लूट की रोजाना 4 वारदात
प्रदेश में लूट की घटनाएं भी बढ़ रही हैं। वर्ष 2019 में हरियाणा में लूट की 1359 वारदात हुई हैं। जो वर्ष 2018 की 1299 वारदातों से 60 अधिक हैं। यानी लूट की घटनाओं में प्रदेश में 4.62 फीसदी बढ़ोतरी हुई है। वर्ष 2017 में प्रदेश में लूट की 1247 घटनाएं हुई थीं।

रोजाना करीब 5 रेप, 2019 में 1734  
हर रोज रेप की करीब 5 घटनाएं प्रदेश में हो रही हैं। वर्ष 2019 में हरियाणा में रेप के 1734 मामले सामने आए हैं, इसमें करीब 200 घटनाएं बढ़ी हैं, इनकी बढ़ोत्तरी का प्रतिशत भी 13.04 फीसदी है। वर्ष 2017 में प्रदेश में रेप की 1248, वर्ष 2018 में रेप की 1534 घटनाएं हुई थी। 

महिला विरुद्ध क्रूरता 17.27 फीसदी बढ़ी
सबसे चौकाने वाली बात यह है कि हरियाणा में जहां रेप की घटनाएं बढ़ी हैं। वहीं महिला विरुद्ध क्रूरता भी 17.27 फीसदी बढ़ गई हैं। वर्ष 2019 में प्रदेश में ऐसी 4868 वारदात हुई। यानी रोजाना 13 से अधिक महिलाएं क्रूरता का शिकार हो रही हैं। जबकि वर्ष 2018 में 4151 घटनाएं हुई थी। वर्ष 2017 में यह आंकड़ा 3326 था।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Edited By

vinod kumar

Recommended News

Related News

static