पल भर में उजड़ा परिवार, रोहतक में पति ने पत्नी के सिर पर डंडा मारकर की हत्या, दो मासूमों से छीना मां का साया

punjabkesari.in Tuesday, Jun 02, 2026 - 12:11 PM (IST)

रोहतक : हरियाणा के रोहतक जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। भिवानी रोड स्थित डोभ गांव में सोमवार देर रात पति ने गुस्से में आकर पत्नी के सिर पर डंडे से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि डोभ गांव में भिवानी रोड पर पीर बाबा मंदिर के सामने बने एक कमरे में महिला का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान महिला के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले। बताया जा रहा है कि सोमवार रात पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आजाद ने डंडे से पत्नी के सिर पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से जोशना ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

बताया जा रहा है कि मृतका की पहचान असम निवासी जोशना के रूप में हुई है। महिला की शादी यूपी के कासगंज निवासी आजाद से हुई थी। आजाद  कबाड़ी का काम करता है। दंपती के दो छोटे बच्चे हैं, जिनकी उम्र पांच और तीन वर्ष बताई जा रही है। वारदात की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पीजीआई रोहतक के शवगृह में भिजवा दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static