कुरुक्षेत्र NH-44 पर दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार की टक्कर गई मासूम की जान, पिता की हालत गंभीर

punjabkesari.in Sunday, Apr 19, 2026 - 03:27 PM (IST)

कुरुक्षेत्र (कपिल शर्मा) : दिल्ली-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे-44 पर पीपली ओवरफ्लाई के पास तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से एक मासूम की जान चली गई, जबकि उसके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया।

करनाल से पीपली की ओर आ रही थी पिकअप

पुलिस के अनुसार यूपी नंबर की पिकअप करनाल से पीपली की ओर आ रही थी। पीपली ओवरफ्लाई के पास चालक ने लापरवाही से चलाते हुए आगे चल रहे ई-रिक्शा को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ई-रिक्शा डिवाइडर से टकराकर पलट गया।

7वीं कक्षा की छात्रा थी मृतका

हादसे में 12 वर्षीय छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई। वह पास के एक स्कूल में 7वीं कक्षा में पढ़ती थी। परिवार में वह तीन बहनों में से एक थी, जिनमें एक बड़ी बहन 10वीं और दूसरी 7वीं कक्षा में पढ़ रही है। परिजनों के अनुसार घायल पिता ई-रिक्शा चलाकर परिवार का पालन-पोषण करता है। वह देर रात अपनी बेटी को साथ लेकर सवारी छोड़ने निकला था, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया। हादसे के बाद राहगीरों की मदद से दोनों को एलएनजेपी अस्पताल, कुरुक्षेत्र पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया। वहीं, पिता की हालत गंभीर होने पर उसे चंडीगढ़ के सेक्टर-32 अस्पताल रेफर कर दिया गया है।

आरोपी चालक फरार, पुलिस तलाश में जुटी

हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने वाहन नंबर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश जारी है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)                 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Manisha rana

Related News

static