वर्दी का अपमान पड़ा भारी : फिर सस्पेंड हुए SHO प्रेम कुमार, पिछला रिकॉर्ड भी सवालों के घेरे में...

punjabkesari.in Saturday, Apr 25, 2026 - 04:06 PM (IST)

हरियाणा डेस्क : हरियाणा पुलिस विभाग ने अनुशासनहीनता के एक गंभीर मामले में बड़ा कदम उठाते हुए हांसी के SHO प्रेम कुमार को निलंबित कर दिया है। उन पर ड्यूटी के दौरान शराब का सेवन करने और पुलिस अधीक्षक (SP) कार्यालय में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ अभद्र व्यवहार करने के आरोप लगे हैं। इस कार्रवाई को विभाग की छवि बनाए रखने और अनुशासन कायम रखने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

क्या था मामला
मिली जानकारी के अनुसार  निलंबन की ताजा कार्रवाई उस घटना के बाद हुई जब एसएचओ प्रेम कुमार ड्यूटी के समय शराब के नशे में पाए गए। इतना ही नहीं उन पर आरोप है कि उन्होंने एसपी कार्यालय पहुंचकर वरिष्ठ अधिकारियों के साथ दुर्व्यवहार किया। DSP विनोद शंकर ने इस मामले की पुष्टि कर बताया कि सूचना मिलने पर आरोपी एसएचओ का मेडिकल परीक्षण कराया गया, जिसमें अल्कोहल (शराब) की पुष्टि हुई है। एसपी के आदेश पर उन्हें तुरंत प्रभाव से सस्पेंड कर विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।

यह पहली बार नहीं है जब एसएचओ प्रेम कुमार का नाम विवादों में आया हो। उनका पिछला रिकॉर्ड भी कई मामलों में सवालों के घेरे में रहा है, जिसमें लापरवाही और अनुशासनहीनता के आरोप शामिल हैं। विभागीय सूत्रों का कहना है कि पहले भी उनके खिलाफ शिकायतें मिल चुकी हैं। प्रेम कुमार को पूर्व में अदालती प्रक्रियाओं में लापरवाही बरतने के कारण भी निलंबन का सामना करना पड़ा है। उन पर आरोप लगे थे कि वे कोर्ट द्वारा मांगे गए प्रोफार्मा नहीं भेजते थे और अधिकारियों के फोन तक नहीं उठाते थे। 

पुलिस विभाग ने इस बार कड़ा रुख अपनाते हुए साफ किया है कि बार-बार मिलने वाली चेतावनियों के बावजूद व्यवहार में सुधार न होना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारियों का मानना है कि वर्दी में रहते हुए नशे में धुत होना और अनुशासन तोड़ना एक गंभीर अपराध है।

हरियाणा पुलिस की इस कार्रवाई को एक सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है कि अनुशासनहीनता और कदाचार किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विभाग ने साफ कर दिया है कि पुलिस की छवि को धूमिल करने वाले किसी भी अधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे। 

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)                    


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Krishan Rana

Related News

static