झज्जर में पुलिस और बदमाशों के बीच ताबड़तोड़ फायरिंग, 3 हत्याओं का आरोपी नामी गैंगस्टर संजय ढेर
punjabkesari.in Saturday, Jun 20, 2026 - 08:45 AM (IST)
झज्जर(दिनेश): हरियाणा के झज्जर जिले में पुलिस और बदमाशों के बीच एक बड़ी मुठभेड़ (Encounter) हुई है। कड़ौदा गांव के पास रणखंडा रोड पर हुई इस आमने-सामने की फायरिंग में पुलिस ने तीन हत्याओं के आरोपी और इलाके के नामी गैंगस्टर संजय को ढेर कर दिया है। मारे गए बदमाश के पास से हथियार बरामद हुए हैं और वह किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा था।
गुप्त सूचना के बाद पुलिस ने घेरा, बदमाश ने की अंधाधुंध फायरिंग
पुलिस को सूचना मिली थी कि तीन मामलों में फरार चल रहा बिरधाना गांव निवासी संजय रणखंडा रोड के पास देखा गया है। जब पुलिस टीम ने उसे आत्मसमर्पण करने को कहा, तो बदमाश संजय ने पुलिस पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें पुलिस की गोलियों का शिकार होकर संजय गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

तीन पुलिसकर्मी घायल, बुलेटप्रूफ जैकेट ने बचाई जान
इस भयंकर मुठभेड़ में दोनों ओर से कई राउंड गोलियां चलीं। गोलीबारी के दौरान पुलिस के एक सब-इंस्पेक्टर (SI) संयम के बाजू में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गए। वहीं, दो अन्य पुलिसकर्मियों पर भी बदमाशों ने सीधी गोलियां चलाईं, लेकिन बुलेटप्रूफ जैकेट पहने होने के कारण उनकी जान बाल-बाल बच गई। सभी घायल पुलिसकर्मियों का इलाज जारी है।

पत्नी और विजय सैनी की हत्या का मुख्य आरोपी था संजय
मारा गया गैंगस्टर संजय पुलिस के लिए लंबे समय से सिरदर्द बना हुआ था। वह अपनी ही पत्नी की हत्या समेत कुल 3 मर्डर केस में वॉन्टेड था और लगातार फरार चल रहा था। हाल ही में उसने दुजाना गांव के रहने वाले विजय सैनी की निर्मम हत्या कर दी थी। इससे पहले वह विजय सैनी के बेटे की हत्या के मामले में भी मुख्य आरोपी था।

वरिष्ठ अधिकारी और FSL टीम मौके पर मौजूद
मुठभेड़ की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कमिश्नर डॉ. राजश्री और डीसीपी (DCP) धारणा यादव समेत कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को भी सबूत जुटाने के लिए मौके पर बुलाया गया है। डीसीपी धारणा यादव ने अधिकारिक तौर पर इस पुलिस मुठभेड़ की पुष्टि की है।