हुआ मनीषा का अंतिम संस्कार, लेकिन भिवानी और चरखी दादरी में अभी नहीं चलेगा इंटरनेट, जानिए क्यों

punjabkesari.in Thursday, Aug 21, 2025 - 11:01 AM (IST)

डेस्क: हरियाणा सरकार ने भिवानी और चरखी दादरी जिलों में मोबाइल इंटरनेट, बल्क एसएमएस और डोंगल सेवाओं पर लगी रोक को अगले 24 घंटों के लिए बढ़ा दिया है। अब ये सेवाएं 22 अगस्त 2025 तक बंद रहेंगी। इससे पहले, गृह विभाग ने 19 अगस्त सुबह 11 बजे से 21 अगस्त सुबह 11 बजे तक इंटरनेट सेवाएं बंद करने का आदेश जारी किया था।
 

गृह विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव सुमिता मिश्रा द्वारा जारी नए आदेश में कहा गया है कि मनीषा हत्याकांड के बाद भिवानी और चरखी दादरी में तनाव, आंदोलन, सार्वजनिक और निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने तथा शांति भंग होने की आशंका के चलते यह फैसला लिया गया है। प्रशासन का कहना है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स जैसे व्हाट्सएप, फेसबुक और ट्विटर के माध्यम से भड़काऊ सामग्री और अफवाहें फैलने की आशंका है, जिससे कानून व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।

lady teacher manisha

गौर रह कि भिवानी में आज सुबह 8 बजे महिला टीचर मनीषा का नौ दिन बाद अंतिम संस्कार किया गया। मनीषा को उनके छोटे भाई नितेश ने मुखाग्नि दी। शव को सिविल अस्पताल से सीधा गांव ढाणी लक्ष्मण के श्मशान घाट लाया गया। पिता संजय सहित ग्रामीण शमशान घाट पहुंचे थे।

बता दें कि बीते दिन बुधवार को दिल्ली AIIMS में पोस्टमॉर्टम के बाद शव को सिविल अस्पताल ले जाया गया था। मनीषा के अंतिम संस्कार के लिए परिवार बुधवार को शाम करीब 6 बजे राजी हुआ था। दरअसल परिवार ने 2 मांगें सरकार के सामने रखी थीं, जिसमें केस की जांच CBI से कराने और दिल्ली एम्स में पोस्टमॉर्टम करवाना शामिल था। वहीं मनीषा के दादा राम किशन ने धरने में कहा कि हमारी जो मांगें थी वह पूरी हो गई हैं। हम बेटी का संस्कार करना चाहते हैं। इसके बाद ग्रामीणों ने धरना खत्म किया।

ज्ञात रहे कि इस मामले में बुधवार अलसुबह मुख्यमंत्री नायब सैनी ने अपने अधिकारिक फेसबुक के जरिए जानकारी दी कि परिवार की मांग के आधार पर सरकार निष्पक्ष जांच के लिए केस सी.बी.आई. को सौंपने जा रही है। हमारी बेटी मनीषा और उनके परिवार को न्याय दिलाने के लिए प्रदेश सरकार तथा पुलिस प्रशासन पूरी गंभीरता और पारदर्शिता के साथ कार्य कर रहे हैं। वह स्वयं लगातार इस मामले की रिपोर्ट ले रहे हैं। पूरा न्याय किया जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static