फरवरी/मार्च-2026 की वार्षिक परीक्षाओं को लेकर जारी किए अहम निर्देश, पढ़े क्या है नियम

punjabkesari.in Friday, Feb 20, 2026 - 04:38 PM (IST)

भिवानी: हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन डॉ. पवन शर्मा ने वार्षिक परीक्षाओं फरवरी/मार्च-2026 को लेकर आयोजित पत्रकार वार्ता में परीक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। उन्होंने बताया कि सीनियर सेकेंडरी की परीक्षाएं 25 फरवरी से शुरू होकर 1 अप्रैल तक संचालित होंगी, जबकि सेकेंडरी की परीक्षाएं 26 फरवरी से 20 मार्च तक आयोजित की जाएंगी।

डॉ. शर्मा ने बताया कि इस वर्ष सेकेंडरी और सीनियर सेकेंडरी (शैक्षिक एवं मुक्त विद्यालय) तथा डीएलएड मिलाकर कुल 5,71,767 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। सेकेंडरी (शैक्षिक एवं मुक्त विद्यालय) में 2,95,748 विद्यार्थी पंजीकृत हैं, जिनमें 1,55,027 छात्र और 1,40,721 छात्राएं शामिल हैं। वहीं सीनियर सेकेंडरी (शैक्षिक एवं मुक्त विद्यालय) में 2,70,663 परीक्षार्थी हैं, जिनमें 1,41,566 छात्र और 1,29,097 छात्राएं हैं। इसके अतिरिक्त डीएलएड में 5,356 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे।

प्रदेशभर में परीक्षाओं के सुचारू संचालन के लिए कुल 1420 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं। परीक्षा का समय दोपहर 12:30 बजे से सायं 3:30 बजे तक निर्धारित किया गया है। परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पूर्व केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य होगा।

नकल रहित एवं पारदर्शी परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए 325 प्रभावी उड़नदस्तों का गठन किया गया है। सभी परीक्षा केंद्रों के आसपास धारा 163 लागू रहेगी। परीक्षा केंद्र में मोबाइल फोन, कैलकुलेटर एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का प्रयोग पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।

डॉ. पवन शर्मा ने अभिभावकों और विद्यार्थियों से अनुशासन बनाए रखने और बोर्ड द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि बोर्ड निष्पक्ष एवं पारदर्शी परीक्षा संचालन के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static