जेईई मेन 2026 सेशन-1 रिजल्ट जारी, Faridabad के अनय समेत 12 को 100 परसेंटाइल
punjabkesari.in Tuesday, Feb 17, 2026 - 01:50 PM (IST)
डेस्क: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने जेईई मेन 2026 के सेशन-1 का रिजल्ट जारी कर दिया है। इस बार फरीदाबाद के अनय जैन समेत 12 छात्रों ने 100 पसेंटाइल हासिल किया है। इनमें से 7 ने कोटा से पढ़ाई की है। 43 छात्रों ने अपने-अपने राज्यों में टॉप किया है। इस साल 9 सवाल ड्रॉप किए गए। इनमें 7 फिजिक्स और 2 मैथ्स के हैं। यह 6 साल में ड्रॉप सवालों की सबसे ज्यादा संख्या है। ड्रॉप यानी एक से ज्यादा विकल्प सही होना या चारों विकल्प गलत होना। जिन छात्रों ने इन्हें अटेंप्ट किया, उन्हें पूरे 4 अंक दिए गए हैं। इस साल 100 पसेंटाइल वालों में सभी लड़के हैं। इस साल टॉपर्स भी 5 साल में सबसे कम हैं। 2024 में सबसे अधिक 23 टॉपर्स थे। दूसरा सेशन अप्रैल में होगा। एडवांस्ड के लिए कटऑफ और रैंक इसके साथ जारी होंगी।
सबसे अधिक रजिस्ट्रेशन, परीक्षा में सबसे ज्यादा उपस्थिति और सबसे अधिक हाजिरी प्रतिशत दर्ज किया गया। 2019 की तुलना में 2026 में करीब डेढ़ गुना ज्यादा छात्र जेईई में शामिल हुए हैं। 2026 में जेईई देने वाले छात्रों की संख्या सबसे ज्यादा रही।
अनय ने रोज 12 घंटे पढ़ाई की, 300 में से 291 अंक प्राप्त किए
फरीदाबाद के अनय ने 300 में से 291 अंक प्राप्त कर 100 पर्सेटाइल हासिल किया। अनय के पिता डॉ. श्रेयांश जैन और माता डॉ. शालिनी जैन दिल्ली में चिकित्सक हैं। अनय ने रोज 12 घंटे पढ़ाई की। एनसीईआरटी पुस्तकों पर ध्यान दिया। उन्हें रनिंग, फुटबॉल, टेनिस खेलना पसंद है। वहीं, पानीपत के मॉडल टाउन निवासी अर्चित अरोड़ा ने जेईई मेन में 99.9944778 परसेंटाइल हासिल कर जिले में शीर्ष स्थान प्राप्त किया। वे प्रदेश में दूसरे रैंक पर बताए जा रहे हैं। 17 वर्षीय अर्चित रोज 10 घंटे पढ़ाई करते हैं। उनके पिता डॉ. गिरीश अरोड़ा और माता डॉ. विनिता अरोड़ा दोनों डॉक्टर हैं। गुरुग्राम के आरित हुड्डा ने 97.98 परसेंटाइल हासिल किए हैं। उन्होंने कहा कि सफलता के लिए नियमित अध्ययन, समय प्रबंधन और शिक्षकों का मार्गदर्शन जरूरी है। फतेहाबाद के देव वधवा ने 99.88 परसेंटाइल हासिल कर जिले में टॉप किया है।
इस साल 4 टॉपर राजस्थान से हैं। 2 आंध्र प्रदेश से हैं। पिछले साल भी 5 टॉपर राजस्थान से थे। 2024 और उससे पहले के वर्षों में तेलंगाना से सबसे ज्यादा टॉपर आते रहे। कुल मिलाकर, पिछले 6 वर्षों में तेलंगाना और राजस्थान का दबदबा रहा है। 2025, 2026 में राजस्थान से टॉपर्स लगातार बढ़े हैं।
100 परसेंटाइल पाने वाले सभी 12 लड़के हैं। पिछले वर्षों का ट्रेंड देखें तो ज्यादातर सालों में टॉपर्स पर लड़कों का ही दबदबा रहा है। लड़कियों की संख्या कभी एक से ज्यादा नहीं रही। वे केवल 2022, 2024, 2025 में 100 परसेंटाइल क्लब में शामिल हुई थीं।
जेईई विशेषज्ञों के मुताबिक, सवाल ड्रॉप किए जाने से औसत से कम प्रदर्शन करने वालों को फायदा मिल जाता है। वहीं, टॉपर्स को नुकसान होता है, क्योंकि वे गलत सवाल सॉल्व करने में ज्यादा समय लगा देते हैं। इससे दूसरे सवालों के लिए समय कम बचता है और नुकसान होता है। इस साल १ सवाल ड्रॉप हुए, यानी 36 अंक, जो कुल अंकों का 12% है।