SPA की आड़ में चल रहा था अवैध लिंग जांच का धंधा, झज्जर–दिल्ली संयुक्त PNDT टीम ने किया गिरोह का पर्दाफाश
punjabkesari.in Friday, Feb 06, 2026 - 04:11 PM (IST)
झज्जर (दिनेश मेहरा) : झज्जर और दिल्ली की संयुक्त पीएनडीटी टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध लिंग जांच करने वाले एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया है। दिल्ली के तिलक नगर स्थित “The Look Spa” में स्पा की आड़ में गर्भवती महिलाओं के भ्रूण का अवैध लिंग निर्धारण कराया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान गिरोह से जुड़े दो आरोपियों रोमा और कुलदीप को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है।

जिला समुचित प्राधिकरण झज्जर को गुप्त सूचना मिलने के बाद सिविल सर्जन डॉ. मंजू कादयान और उपायुक्त स्वप्निल रविंद्र पाटील के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। योजनाबद्ध तरीके से प्रलोभन ग्राहक के माध्यम से 1.50 लाख रुपये की डील तय करवाई गई। जांच के दौरान आरोपी कुलदीप द्वारा अल्ट्रासोनिक डॉपलर मशीन से अवैध जांच करते हुए पकड़ा गया, जबकि रोमा के पास से एक लाख रुपये की नगद राशि बरामद की गई। छापेमारी के बाद दोनों आरोपियों को तिलक नगर थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया। आरोपियों के खिलाफ PC&PNDT Act, BNS एवं NMC Act की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। टीम को मिली प्रशासनिक सराहना
जिला उपायुक्त स्वप्निल रविंद्र पाटील और सिविल सर्जन डॉ. मंजू कादयान ने इस सफल संयुक्त कार्रवाई के लिए पीएनडीटी टीम और पुलिस विभाग की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि लिंग जांच जैसे जघन्य अपराध किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे और भविष्य में भी ऐसे अभियानों को लगातार जारी रखा जाएगा। सिविल सर्जन डॉ. मंजू कादयान ने बताया कि जिले में लिंग अनुपात लगातार चिंता का विषय बना हुआ है। उन्होंने समाज से अपील की कि बेटा-बेटी में भेदभाव छोड़कर समान दृष्टिकोण अपनाया जाए, क्योंकि बिना बेटियों के संतुलित समाज की कल्पना संभव नहीं है l प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि यदि कहीं भी अवैध लिंग जांच की जानकारी मिले, तो तुरंत सिविल सर्जन कार्यालय या पीएनडीटी नोडल अधिकारी को सूचित करें। सूचना देने वाले को 1 लाख रुपये का नकद इनाम दिया जाएगा और उसकी पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)